जैसलमेर। आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत जैसलमेर जिले में संपूर्णता अभियान 2.0 का जिला स्तरीय ओरिएंटेशन एवं शुभारंभ कार्यक्रम मंगलवार को शहीद पूनमसिंह स्टेडियम में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलक्टर प्रताप सिंह रहे, जबकि मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजीविका प्रबंधक अशोक कुमार गोयल ने की।
इस अवसर पर संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत चिन्हित सभी प्रमुख संकेतकों में शत-प्रतिशत संतृप्ति सुनिश्चित करने एवं उत्कृष्ट कार्य निष्पादन की शपथ जिला कलक्टर, मुख्य कार्यकारी अधिकारी सहित सभी जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं फ्रंटलाइन वर्कर्स द्वारा ली गई। साथ ही अभियान से जुड़े विभिन्न संकेतकों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम से पूर्व अभियान की शुरुआत संपूर्णता रैली से की गई, जिसमें विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले एवं ब्लॉक स्तर पर स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि एवं संबद्ध गतिविधियाँ, वित्तीय समावेशन, आधारभूत सुविधाएँ एवं सामाजिक विकास से जुड़े संकेतकों में पूर्ण संतृप्ति (सैचुरेशन) सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी ने कहा कि संपूर्णता अभियान 2.0 का लक्ष्य विकास के छह प्रमुख संकेतकों के अंतर्गत संचालित गतिविधियों में पूर्णता प्राप्त करना है। उन्होंने बताया कि संपूर्णता अभियान 1.0 में जैसलमेर जिले एवं संबंधित ब्लॉकों द्वारा सराहनीय प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर पदक प्राप्त किए गए थे। इसी प्रतिबद्धता और समन्वय के साथ इस बार भी अभियान को सफल बनाकर विकास की दिशा में ठोस परिणाम हासिल किए जाएंगे।
संपूर्णता अभियान कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेन्द्र पालीवाल, अधीक्षण अभियंता जलदाय के.सी. मीणा, सहायक निदेशक सूचना एवं जनसम्पर्क प्रवीण प्रकाश चौहान, जिला शिक्षाधिकारी (माध्यमिक) महेश कुमार बिस्सा, अन्य विभागीय अधिकारी, ब्लॉक फतेहगढ़ एवं ब्लॉक सम के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी, विभिन्न राजीविका महिला समूहों की महिलाएं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, शिक्षक, विद्यार्थी, आमजन सहित विभिन्न विभागों के फ्रंटलाइन वर्कर बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Source: