जैसलमेर । पीएम श्री योजना के तहत ‘ट्विनिंग विद द स्कूल’ कार्यक्रम के अंतर्गत आज पीएम श्री अमर शहीद सागरमल गोपा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, जैसलमेर एवं पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, रामदेवरा के विद्यार्थियों ने पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय वायुसेना स्थल जैसलमेर का शैक्षिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार एवं आधुनिक शैक्षिक संसाधनों से परिचित कराना रहा।

     कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य श्री विशन सिंह राठौड़ द्वारा बाहर से पधारे विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के आत्मीय स्वागत के साथ हुई। स्वागत अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने मधुर स्वागत गीत एवं नई शिक्षा नीति (छम्च्) पर आधारित आकर्षक शैक्षिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिसने सभी का मन मोह लिया। प्राचार्य महोदय ने अपने स्वागत भाषण में ‘ट्विनिंग विद द स्कूल’ कार्यक्रम की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षिक आदान-प्रदान से विद्यार्थियों को नई सोच, नवीन सीखने के अवसर और प्रेरणा मिलती है।

      भ्रमण के दौरान बाहरी विद्यालयों से पधारे 50 विद्यार्थियों ने कनिष्ठ विज्ञान प्रयोगशाला, भूगोल प्रयोगशाला, संगणक प्रयोगशाला, जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान एवं भौतिक विज्ञान प्रयोगशालाओं, अटल प्रयोगशाला, पुस्तकालय कक्ष, खेल कक्ष, संगीत कक्ष, सदन सजावट बोर्ड, बाल वाटिका तथा कक्षाकक्षों सहित विद्यालय के विभिन्न विभागों एवं गतिविधियों का अवलोकन किया।

      इस मौके पर पुस्तकालय कक्ष में विद्यार्थियों ने विभिन्न पत्र-पत्रिकाएँ एवं शैक्षिक सामग्री का अध्ययन किया, जिससे वे अत्यंत प्रेरित हुए। इस शैक्षिक भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक सीख, आधुनिक शिक्षण संसाधनों और विद्यालय की कार्यप्रणाली की प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त हुई।

       पूरे भ्रमण कार्यक्रम के दौरान पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रामदेवरा के प्रधानाचार्य श्री उगम सिंह तंवर तथा पीएम श्री अमर शहीद सागरमल गोपा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जैसलमेर की उप-प्राचार्या श्रीमती जमना कोडेचा सहित दोनों विद्यालयों के अनुरक्षक शिक्षक उपस्थित रहे। वहीं स्थानीय विद्यालय के शिक्षक श्दिलीप कुमार शर्मा, टीना कैला, रवि मानसिंह, नेताराम मीणा, सोहन बेनीवाल, मंजू कुमारी एवं वेद प्रकाश वर्मा ने आगंतुक दल को पूरे विद्यालय का भ्रमण करवाते हुए आवश्यक जानकारी प्रदान की।

      कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के उप-प्राचार्य श्री विनय सिंह वर्मा ने सभी आगंतुक विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। इस प्रकार से यह शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं अत्यंत उपयोगी साबित हुआ।           

Source: