जैसलमेर। पंच गौरव योजना के तहत चयनित एक जिला-एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के तहत येलो स्टोन सहित स्थानीय उत्पादों के प्रचार-प्रसार एवं विपणन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शहीद पूनम सिंह स्टेडियम में आयोजित मरू उद्योग एवं हस्तशिल्प मेला, राज सखी मेला-2026 का मंगलवार को भव्य समापन हुआ। मेले का आयोजन जिला प्रशासन, राजीविका तथा जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र के संयुक्त तत्वावधान में 29 जनवरी से 3 फरवरी तक किया गया।

      समापन समारोह जिला कलक्टर प्रताप सिंह के मुख्य आतिथ्य, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी की अध्यक्षता तथा जिला उद्योग केन्द्र की महाप्रबंधक संतोष कुमारी एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के उप निदेशक अशोक गोयल के विशिष्ट आतिथ्य में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।

     जिला कलक्टर प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में सशक्त भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने बताया कि संपूर्णता अभियान एवं राजीविका कार्यक्रमों का प्रमुख उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें आजीविका के लिए सशक्त मंच उपलब्ध कराना है। इस प्रकार के आयोजनों से महिला समूहों को विपणन के नए अवसर मिलते हैं।

    समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिला स्वयं सहायता समूहों, सर्वाधिक बिक्री करने वाले स्टॉल संचालकों, चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं एवं राजीविका समूहों को सर्वाधिक ऋण उपलब्ध कराने वाली बैंक शाखाओं को सम्मानित किया गया।

    इस अवसर पर जिला कलक्टर द्वारा एसबीआई बैंक के माध्यम से 25 महिला समूहों को 66 लाख रुपये, एचडीएफसी बैंक द्वारा 7 समूहों को 17.75 लाख रुपये एवं आरजीबी बैंक द्वारा 5 समूहों को 9 लाख रुपये के ऋण स्वीकृति चेक वितरित किए गए।

 

     छः दिन में 25 लाख रुपये की बिक्री

    मेले के दौरान 70 स्टॉलों पर 90 प्रतिभागियों द्वारा हस्तशिल्प, येलो स्टोन, वस्त्र, आभूषण, खाद्य उत्पाद एवं अन्य स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन किया गया, जिससे कुल 25 लाख रुपये की बिक्री दर्ज की गई। यह आयोजन महिला उद्यमिता के लिए एक अनुकरणीय पहल सिद्ध हुआ।

    स्टॉल धारकों एवं ड्राइंग प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किये गए

    मेले के अंतिम दिन आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में मुख्य कार्यकारी अधिकारी द्वारा मेले के स्टॉल धारकों को उनके उत्कृष्ट सहभागिता एवं योगदान के लिए प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर अधिकारियों एवं आयोजकों ने स्टॉल धारकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके माध्यम से स्थानीय उद्योग, हस्तशिल्प एवं उत्पादों को व्यापक पहचान मिल रही है।

    इसी क्रम में मेले के दौरान “पंच गौरव” थीम पर आयोजित ड्राइंग प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों एवं युवाओं ने जैसलमेर के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक गौरव को चित्रों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। पुरस्कार वितरण समारोह में बड़ी संख्या में स्टॉल धारक, प्रतिभागी एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।

   कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेन्द्र पालीवाल, अधीक्षण अभियंता जलदाय के.सी. मीणा, सहायक निदेशक सूचना एवं जनसम्पर्क प्रवीण प्रकाश चौहान, जिला शिक्षाधिकारी (माध्यमिक) महेश कुमार बिस्सा, अन्य विभागीय अधिकारी, ब्लॉक फतेहगढ़ एवं ब्लॉक सम के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी, विभिन्न राजीविका महिला समूहों की महिलाएं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, शिक्षक, विद्यार्थी, आमजन सहित विभिन्न विभागों के फ्रंटलाइन वर्कर बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

     समापन अवसर पर महिला एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक अशोक गोयल ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं महिला समूहों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन उप प्राचार्य आरती मिश्रा ने किया।

Source: