जैसलमेर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित ग्राम उत्थान शिविर आमजन के लिए वास्तविक राहत एवं खुशियों का माध्यम बनते जा रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम पंचायत चेलक में आयोजित ग्राम उत्थान शिविर के दौरान सोमवार का दिन देवी मघाराम, निवासी चेलक के जीवन में अविस्मरणीय बन गया। वर्षों से पक्के घर का सपना संजोए देवी मघाराम के लिए उस समय खुशी का ठिकाना नहीं रहा, जब प्रशासनिक टीम स्वयं उनके घर पहुंची और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नव-निर्मित आवास में गृह प्रवेश कराते हुए प्रतीकात्मक चाबी सौंपी।
देवी मघाराम ने बताया कि वे लंबे समय से आर्थिक तंगी एवं कच्चे मकान की समस्याओं से जूझ रहे थे। बरसात और आंधी के मौसम में परिवार को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। ग्राम उत्थान शिविर में मिली जानकारी और प्रशासनिक सहयोग से प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला, जिससे उनका पक्का और सुरक्षित घर बनने का सपना साकार हो गया।
गृह प्रवेश के इस भावुक क्षण में परिवार के सदस्यों के चेहरे पर खुशी और संतोष साफ झलक रहा था। उन्होंने कहा कि अब उनका परिवार सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी सकेगा। उन्होंने ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा, राज्य सरकार तथा जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं ने वास्तव में आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
ग्राम उत्थान शिविर के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों तक योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाने की यह पहल ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है। शिविरों के जरिए प्रशासन न केवल समस्याओं का त्वरित समाधान कर रहा है, बल्कि पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़कर उनके जीवन स्तर को भी बेहतर बना रहा है।
Source: