जैसलमेर। राजस्थान दिवस के अवसर पर जैसलमेर जिला मुख्यालय स्थित नगर परिषद सभागार में आयोजित जिला स्तरीय ‘युवा शक्ति दिवस 2026’ कार्यक्रम उत्साह, ऊर्जा और उम्मीदों से सराबोर रहा। कार्यक्रम में युवाओं की प्रभावशाली भागीदारी ने यह संदेश दिया कि प्रदेश का भविष्य सशक्त हाथों में है।
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर से वर्चुअल माध्यम से जुड़कर युवाओं को संबोधित किया एवं विकास व स्वरोजगार से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सौगातें दीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को कौशल, नवाचार और आत्मनिर्भरता की दिशा में सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उनका लक्ष्य ‘विकसित राजस्थान-2047’ के संकल्प को साकार करना है, जिसमें युवा शक्ति की केंद्रीय भूमिका होगी।
मुख्यमंत्री ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे पारंपरिक सोच से आगे बढ़कर नवाचार, स्टार्टअप एवं कौशल आधारित रोजगार के अवसरों को अपनाएं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को हर स्तर पर आवश्यक संसाधन, प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन उपलब्ध करवा रही है।
जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाकर अपने भविष्य को संवारने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों, रोजगार अवसरों एवं स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी साझा की, जिससे उपस्थित युवाओं में नई ऊर्जा और जागरूकता का संचार हुआ।
कार्यक्रम में जिला कलक्टर प्रताप सिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर परसराम सैनी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र सिंह, कोषाधिकारी देरावर सिंह, सहायक निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क प्रवीण प्रकाश चौहान सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Source: