जैसलमेर। मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार खेलों को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए संकल्पित है। खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए आधुनिक सुविधाएं, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन योजनाओं के माध्यम से प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सशक्त बनाया जा रहा है।

        राज्य सरकार के युवा मामले एवं खेल विभाग, राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद जयपुर तथा जिला प्रशासन के संयुक्त सहयोग से संचालित जैसलमेर बास्केटबॉल अकादमी के लिए गर्व का क्षण है। अकादमी के प्रतिभाशाली खिलाड़ी मोहम्मद रज़ा, भूपेंद्र सिंह राठौड़ एवं संस्कार सैनी का चयन अंडर-18 एशिया कप की साउथ एशियन बास्केटबॉल चौंपियनशिप के लिए भारतीय टीम के पूर्व प्रशिक्षण शिविर में हुआ है। यह शिविर 9 अप्रैल से इंदौर (मध्य प्रदेश) में आयोजित किया जाएगा।

       जिला खेल अधिकारी एवं अकादमी प्रभारी राकेश बिश्नोई ने बताया कि मोहम्मद रज़ा पूर्व में अंडर-16 यूथ एशिया कप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उन्होंने मालदीव में आयोजित साउथ एशियन बास्केटबॉल चौंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही मंगोलिया में आयोजित यूथ एशिया कप में भी देश का प्रतिनिधित्व कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

      उल्लेखनीय यह है कि राजस्थान से पांच खिलाड़ियों का चयन हुआ है सर्वाधिक तीन खिलाड़ियों का चयन जैसलमेर अकादमी से हुआ है, शेष एक सीकर और एक गंगानगर से है। यह जैसलमेर जिले के खेल विकास की दिशा में बड़ी उपलब्धि है। तीनों खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक विजेता रहे हैं। इन्होंने वर्ष 2024 में कोलकाता में आयोजित यूथ नेशनल बास्केटबॉल चौंपियनशिप में राजस्थान टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इस दौरान भूपेंद्र सिंह राठौड़ को ‘मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर’ का खिताब भी मिला।

       इसके अतिरिक्त, तीनों खिलाड़ियों ने खेलो इंडिया नेशनल यूथ गेम्स 2025, पटना (बिहार) में भी राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हुए रजत पदक हासिल किया। खिलाड़ियों के लगातार उत्कृष्ट राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन के आधार पर ही उनका चयन भारतीय टीम के पूर्व प्रशिक्षण शिविर के लिए किया गया है।

      अकादमी के प्रशिक्षक बिश्नोई ने बताया कि तीनों खिलाड़ी पिछले तीन वर्षों से नियमित एवं गहन प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं और इस दौरान अनेक राज्य व राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक अर्जित कर चुके हैं। उल्लेखनीय है कि अब तक अकादमी के 9 खिलाड़ी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

Source: