जैसलमेर। मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व एवं जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल के निर्देशन में जैसलमेर जिले में संचालित ‘ग्राम रथ अभियान’ को अभूतपूर्व जनसमर्थन मिल रहा है। 28 अप्रैल से शुरू हुए इस अभियान के तहत ग्राम रथों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, जिसकी आमजन सराहना कर रहे हैं।
गांव-गांव पहुंच रहे इन ग्राम रथों का आमजन द्वारा उत्साह, उमंग और अपनत्व के साथ भव्य स्वागत किया जा रहा है। कई ग्राम पंचायतों में पारंपरिक पूजा-अर्चना, ढोल-थाली एवं लोक उत्सव जैसे वातावरण के बीच इन रथों का अभिनंदन अभियान की लोकप्रियता को दर्शा रहा है।
बुधवार को मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी ने ग्राम पंचायत डेढ़ा पहुंचकर ग्राम रथों की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी, सुव्यवस्थित एवं परिणामोन्मुख बनाने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र सिंह सांदू सहित अन्य अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
ग्राम रथों के माध्यम से राज्य सरकार की प्रमुख उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं, नवाचारों एवं विकास कार्यों को अत्याधुनिक एलईडी स्क्रीन पर आकर्षक ऑडियो-विजुअल प्रस्तुतियों के जरिए प्रभावी रूप से प्रदर्शित किया जा रहा है। इन प्रस्तुतियों से आमजन को योजनाओं की सरल, स्पष्ट एवं रोचक जानकारी प्राप्त हो रही है, जिससे वे योजनाओं के उद्देश्य, लाभ एवं पात्रता को सहजता से समझ पा रहे हैं।
यह पहल न केवल सरकार की पारदर्शी कार्यशैली को प्रतिबिंबित कर रही है, बल्कि जनसंवाद को भी नई मजबूती प्रदान कर रही है। ग्राम रथ अभियान के माध्यम से सरकार की विकास यात्रा को नई पहचान मिल रही है और आमजन में विश्वास एवं सहभागिता की भावना सुदृढ़ हो रही है।
साथ ही, लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत कला जत्थों की सांस्कृतिक चौपालों ने अभियान में विशेष आकर्षण जोड़ा है। लोक संस्कृति से सराबोर इन प्रस्तुतियों के माध्यम से योजनाओं का संदेश मनोरंजक एवं प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंच रहा है, जिससे अभियान में जीवंतता और जनभागीदारी दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि हो रही है।
Source: