जैसलमेर। राष्ट्रीय जनगणना 2027 के सफल संचालन एवं आमजन में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी ने जनगणना के पोस्टर का विधिवत विमोचन किया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर परसराम सैनी, उपखंड अधिकारी सक्षम गोयल, उपनिदेशक (सांख्यिकी विभाग) राजेंद्र मेघवाल सहित जिला एवं उपखंड स्तरीय अधिकारी, तहसीलदार एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

     कार्यक्रम के दौरान सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्व-गणना पोर्टल पर स्वयं अपने प्रपत्र भरकर एक सकारात्मक एवं प्रेरणादायक संदेश दिया कि जनगणना प्रक्रिया में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस पहल के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि “पहले स्वयं, फिर परिवार और समाज” यही जनगणना को सफल बनाने का मूल मंत्र है।

    इस अवसर पर विधायक भाटी ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश के विकास की आधारशिला है। सटीक एवं पूर्ण जानकारी से ही सरकार विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर पाती है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे स्व-गणना पोर्टल या वेबसाइट ीजजचरूध्ध्ेमण्बमदेनेण्हवअण्पद का उपयोग करते हुए समय पर अपनी जानकारी दर्ज करें एवं दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

     अतिरिक्त जिला कलक्टर ने बताया कि स्व-गणना की सुविधा से नागरिकों को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध प्रक्रिया उपलब्ध हुई है। इससे न केवल समय की बचत होगी बल्कि डेटा की शुद्धता भी सुनिश्चित होगी। वहीं, उपखंड अधिकारी ने कहा कि प्रशासन द्वारा जनजागरूकता के लिए निरंतर अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इस प्रक्रिया से जुड़ सकें।

    कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने एक स्वर में जनगणना 2027 को सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया एवं नागरिकों से अपील की कि वे इस राष्ट्रीय दायित्व में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

     इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जनगणना के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए जागरूकता फैलाने का संकल्प भी लिया।

 

Source: