जैसलमेर। राज्य सरकार द्वारा कृषकों, पशुपालकों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के उद्देश्य से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी अंतिम छोर तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के लिए चलाए जा रहे ग्राम रथ अभियान के तहत शुक्रवार को पंचायत समिति भणियाणा की विभिन्न ग्राम पंचायतों में व्यापक जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।

      अभियान के तहत ग्राम पंचायत झलोड़ा भाटियान, सरदारसिंह की ढाणी, खींवसर तथा भणियाणा में ग्राम रथ के माध्यम से राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार किया गया। ग्राम रथ के माध्यम से ग्रामीणों को कृषि, पशुपालन, सामाजिक सुरक्षा, रोजगार, शिक्षा एवं स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई, जिससे आमजन को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जा सके।

      इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कार्मिकों द्वारा ग्रामीणों को योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया तथा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं में पंजीकरण एवं आवेदन की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई। ग्राम रथ के गांवों में पहुंचने पर ग्रामीणों द्वारा उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया, जिससे अभियान के प्रति सकारात्मक माहौल देखने को मिला।

      अभियान के दौरान यह भी बताया गया कि राज्य सरकार द्वारा मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-शहरी वार्ड अभियान संचालित किया जा रहा है, जो जन-भागीदारी आधारित एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य गांवों एवं शहरी वार्डों का संतुलित, समावेशी एवं समग्र विकास सुनिश्चित करना है। इस अभियान के माध्यम से स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों में आमजन की भागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे योजनाओं का प्रभाव अधिक व्यापक एवं स्थायी बन सके।

      ग्राम रथ अभियान के जरिए राज्य सरकार की मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे एवं प्रत्येक नागरिक तक विकास की रोशनी पहुंचे। अभियान के तहत आने वाले दिनों में भी जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की जागरूकता गतिविधियां लगातार जारी रहेंगी।                               

Source: