जैसलमेर। मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के दूरदर्शी नेतृत्व एवं जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल के प्रभावी निर्देशन में संचालित ‘ग्राम रथ अभियान-2026’ के तहत गुरुवार को पंचायत समिति फतेहगढ़ की ग्राम पंचायत झिनझिनयाली में ग्राम रथ के पहुंचने पर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। ग्रामवासियों ने पारंपरिक तिलक, माल्यार्पण एवं ढोल-नगाड़ों के साथ ग्राम रथ का आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया।
ग्राम रथ के माध्यम से एलईडी वैन पर राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यक्रमों एवं आमजन हितैषी अभियानों से संबंधित जानकारी प्रदर्शित की गई। ग्रामीणों ने योजनाओं की जानकारी को गंभीरता से सुना एवं सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के प्रति जागरूकता दिखाई।
इस दौरान लोक कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। कलाकारों ने लोकगीतों एवं पारंपरिक प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी रोचक एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने ग्रामीणों को आकर्षित किया एवं पूरे गांव में उत्सव जैसा वातावरण बना रहा।
ग्राम रथ अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अंतिम छोर तक सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाना, पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से जोड़ना तथा आमजन में जागरूकता बढ़ाना है। अभियान के तहत किसानों, पशुपालकों, महिलाओं, युवाओं एवं जरूरतमंद वर्गों को विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में समाजसेवी सुरेश कुमार सुथार, प्रहलाद सिंह भाटी, देवेन्द्र सिंह भाटी, ग्राम विकास अधिकारी जितेन्द्र सिंह, मोढ़ा प्रशासक कमला राम, समाजसेवी जोध सिंह भाटी एवं शंकर नाथ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Source: