जैसलमेर। राज्य सरकार द्वारा आमजन तक जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी प्रभावी रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित “ग्राम रथ अभियान-2026” ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता का सशक्त माध्यम बनकर उभर रहा है। एलईडी मोबाइल वैन आधारित ग्राम रथों की गूंज अब ग्राम पंचायतों तक पहुंच रही है, जिससे ग्रामीणों में योजनाओं के प्रति नई जागरूकता एवं उत्साह का वातावरण निर्मित हो रहा है।

        ग्राम रथों के माध्यम से राज्य सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं जनसेवाओं की जानकारी ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति के जरिए सरल एवं आकर्षक ढंग से ग्रामीणों तक पहुंचाई जा रही है। गांवों में पहुंच रहे इन रथों को देखने एवं योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने के लिए पुरुष, महिलाएं, युवा एवं बालक-बालिकाएं बड़ी संख्या में उपस्थित हो रहे हैं। ग्रामीण एलईडी स्क्रीन पर प्रसारित संदेशों एवं लघु फिल्मों को रुचिपूर्वक देखकर योजनाओं के प्रति जागरूक हो रहे हैं।

      लोक संस्कृति के माध्यम से जनजागरूकता का अभिनव प्रयास, कला जत्थों की प्रस्तुतियां बन रही आकर्षण का केंद्र

      ग्राम रथ अभियान के साथ चल रहे कला जत्थों द्वारा स्थानीय भाषा एवं लोक संस्कृति के माध्यम से योजनाओं का संदेश प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाया जा रहा है। लोक कलाकार गीत-संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए सरकार की योजनाओं को सहज एवं रोचक रूप में प्रस्तुत कर रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है।

ग्रामीणों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए इसे सरकार की योजनाओं को समझाने का अनूठा एवं प्रभावशाली माध्यम बताया।

जैसलमेर एवं पोकरण विधानसभा क्षेत्रों में दिखा उत्साह, ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत

      शुक्रवार, 08 मई को जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत तोगा, कपूरिया, रामा, भाखरानी एवं सांगड़ में ग्राम रथ पहुंचा, जहां ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों एवं पारंपरिक स्वागत के साथ रथ का अभिनंदन किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं की जानकारी लेकर अधिकाधिक लाभ उठाएं।

       इसी प्रकार पोकरण विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत केलावा, मोराणी, लवां, रामदेवरा एवं लोहारकी में ग्राम रथ पहुंचने पर पूरे गांव में उत्साह का माहौल दिखाई दिया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कार्यक्रमों में भाग लेकर योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की।

अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में प्रभावी पहल, किसानों, महिलाओं एवं युवाओं को मिल रही योजनाओं की विस्तृत जानकारी

       ग्राम रथों के माध्यम से किसानों, महिलाओं, युवाओं, पशुपालकों एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। साथ ही पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया एवं आवेदन संबंधी जानकारी भी उपलब्ध करवाई जा रही है।

     कई ग्रामीण ऐसे भी सामने आए जिन्हें पूर्व में योजनाओं की जानकारी नहीं थी, लेकिन ग्राम रथ अभियान के माध्यम से जानकारी प्राप्त कर अब वे योजनाओं का लाभ लेने के लिए आगे आ रहे हैं।

     ग्रामीणों ने ग्राम रथ अभियान की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे गांव-गांव तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने वाला प्रभावशाली एवं जनहितकारी अभियान बताया।

Source: