जैसलमेर । राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पहल “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026” का मरूस्थलीय जैसलमेर जिले में सोमवार, 25 मई को गंगा दशहरा के पावन अवसर पर भव्य शुभारम्भ होगा। अभियान के तहत 5 जून तक जिलेभर में जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन, वर्षा जल संग्रहण, स्वच्छता एवं जनभागीदारी आधारित विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य जल बचत को जनआंदोलन का स्वरूप देना एवं आमजन में प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति व्यापक जागरूकता विकसित करना है।

            जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने बताया कि अभियान के सफल एवं प्रभावी संचालन हेतु जिला स्तरीय अधिकारियों को विभागवार दायित्व सौंपे गए हैं तथा सभी संबंधित विभागों को पूर्ण समन्वय एवं गंभीरता के साथ कार्यक्रमों के क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए हैं।

         निर्धारित कार्यक्रमानुसार सोमवार सुबह 7 बजे ऐतिहासिक गडीसर प्रोल से तालाब तक स्कूली विद्यार्थियों की प्रभात फेरी निकाली जाएगी। वहीं राजीविका समूह की महिलाओं द्वारा पारंपरिक कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा, जो जल संरक्षण एवं सांस्कृतिक चेतना का संदेश देगी।

 

         अभियान के तहत पीपल एवं जल पूजन, पीपल के पौधों का रोपण, तुलसी पौधों का वितरण, गंगा दशहरा के महत्व पर निबंध लेखन प्रतियोगिता तथा राजीविका समूह की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी जैसी विविध गतिविधियां आयोजित होंगी। कार्यक्रमों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों के संवर्धन एवं सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा दिया जाएगा।

         जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाकर जल संरक्षण को जन-जागरूकता एवं जन-संकल्प का रूप देने का आह्वान किया है।

                                    

Source: