जैसलमेर । जिला प्रभारी सचिव एवं राजस्थान राज्य बुनकर संघ लिमिटेड के प्रबंध निदेशक महावीर प्रसाद मीणा ने जिले में बढ़ते तापमान एवं हीटवेव की स्थिति को देखते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को पूर्ण सतर्कता एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी के इस चुनौतीपूर्ण दौर में आमजन को राहत पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है एवं सभी विभाग अपनी तैयारियां समय रहते पूर्ण रखें।
प्रभारी सचिव मीणा की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में हीटवेव प्रबंधन एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में उन्होंने चिकित्सा, पेयजल, विद्युत एवं अन्य आवश्यक सेवाओं की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रभावी मॉनिटरिंग एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के मद्देनजर चिकित्सा विभाग पूरी तत्परता के साथ कार्य करे एवं अस्पतालों में पर्याप्त दवाइयों, जांच सुविधाओं एवं आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही आमजन को हीटवेव एवं मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों के प्रति व्यापक स्तर पर जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया।
अस्पतालों में समय रहते पूरे हों सभी जरूरी इंतजाम
चिकित्सा सेवाओं की समीक्षा करते हुए प्रभारी सचिव मीणा ने निर्देश दिए कि जिला अस्पताल सहित सभी चिकित्सा संस्थानों में कूलर, पंखे एवं शुद्ध पेयजल जैसी आधारभूत सुविधाओं की तत्काल जांच कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि लू-तापघात के संभावित मरीजों के उपचार के लिए अस्पतालों में गाइडलाइन के अनुसार बैड आरक्षित रखे जाएं एवं आपातकालीन किट, ओआरएस, ड्रिप सेट, फ्लूड एवं आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे।
पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा नहीं हो
प्रभारी सचिव ने पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को निर्बाध जल एवं बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्राप्त होने वाली शिकायतों का त्वरित निस्तारण कर लोगों को शीघ्र राहत प्रदान की जाए। जिला एवं उपखंड स्तर के अधिकारी नियमित रूप से क्षेत्रीय निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग करें ताकि किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
उन्होंने जलदाय एवं विद्युत विभाग को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि टैंकर आधारित जलापूर्ति वाले क्षेत्रों की तैयारियां पहले से पूरी कर ली जाएं। साथ ही विद्युत विभाग लो एवं हाई वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए पर्याप्त ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध रखने एवं पेयजल आपूर्ति में विद्युत व्यवधान नहीं आने देने के निर्देश भी दिए।
बैठक में प्रभारी सचिव ने जिला परिषद, कृषि विभाग, महिला अधिकारिता विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित कार्यों एवं तैयारियों की भी समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर परसराम सैनी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी, उपखंड अधिकारी सक्षम गोयल, अधीक्षण अभियंता विद्युत भैराराम चौधरी, अधीक्षण अभियंता पीएचईडी कैलाश चंद मीणा, अधीक्षण अभियंता वाटरशेड कौशल पालीवाल, नगर परिषद आयुक्त लजपाल सिंह सोढ़ा, महिला अधिकारिता उपनिदेशक अशोक गोयल, सहायक निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क प्रवीण प्रकाश चौहान, महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक सोमेश्वर देवड़ा, वरिष्ठ भूजल वैज्ञानिक डॉ. नारायण दास इणखिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Source: