जैसलमेर । राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी “वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026” एवं “कर्म भूमि से मातृ भूमि अभियान” के तहत मंगलवार को भू-जल विभाग द्वारा जिले में विभिन्न जनजागरूकता एवं संरक्षण गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान के माध्यम से ग्रामीणों एवं आमजन को जल संरक्षण, भू-जल संवर्धन तथा पारम्परिक जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

      अभियान के तहत ग्राम पंचायत बरमसर में आयोजित ग्राम सभा में भू-जल विभाग के अधिकारियों ने सहभागिता करते हुए ग्रामीणों को वन्दे गंगा जल संरक्षण अभियान एवं कर्म भूमि से मातृ भूमि अभियान की विस्तृत जानकारी प्रदान की। ग्राम सभा में विशेष रूप से उपस्थित महिलाओं एवं नारी शक्ति को संबोधित करते हुए जिले में जल की वर्तमान स्थिति, घटते भू-जल स्तर तथा जल संरक्षण की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। साथ ही उपस्थित ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों को जल संरक्षण एवं जल स्रोतों के संवर्धन की सामूहिक शपथ भी दिलाई गई।

      वरिष्ठ भू-जल वैज्ञानिक एवं कर्म भूमि से मातृ भूमि अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. नारायण दास इणखिया ने बताया कि अभियान के तहत जैसलमेर के प्राचीन एवं आस्था केंद्र तीर्थ स्थल रामकुण्डा पर कूप पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां राम दरबार के पंडित द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रामकुण्ड का विधिवत पूजन कराया गया। कार्यक्रम में तीर्थ पर आई महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर जल संरक्षण के प्रति अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

     उन्होंने बताया कि रामकुण्डा स्थित प्राचीन बावड़ी के पुनरुद्धार कार्य का शुभारम्भ भी भामाशाहों के सहयोग से “कर्म भूमि से मातृ भूमि अभियान” के तहत किया गया। यह पहल क्षेत्र की पारम्परिक जल संरचनाओं के संरक्षण एवं पुनर्जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

      इसके अतिरिक्त भू-जल विभाग द्वारा संचालित प्री-मानसून सर्वे कार्य के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को भू-जल स्तर मापन की प्रक्रिया एवं उसके महत्व की जानकारी भी दी गई। विभागीय अधिकारियों ने आमजन से वर्षा जल संचयन, जल के विवेकपूर्ण उपयोग तथा पारम्परिक जल स्रोतों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

       अभियान के दौरान ग्रामीणों में जल संरक्षण को लेकर उत्साह एवं जागरूकता का वातावरण देखने को मिला तथा सभी ने जल बचाने एवं आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।

Source: