जैसलमेर। राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी “वंदे गंगा जल संरक्षण एवं जन अभियान-2026” के तहत बुधवार को सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग तथा जलग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मीडिया प्रतिनिधियों का विशेष फील्ड भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस भ्रमण का उद्देश्य जिले में जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए जा रहे अभिनव एवं जनहितकारी कार्यों से मीडिया को रूबरू करवाना रहा।
भ्रमण के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों ने जिले में निर्मित विभिन्न जल संरक्षण संरचनाओं का अवलोकन करते हुए वर्षा जल संचयन, भू-जल संवर्धन एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की। प्रतिनिधियों ने एनिकट, टांके, डिग्गी, खड़ीन, फार्म पौंड एवं चारागाह विकास कार्यों को नजदीक से देखा और इन योजनाओं से ग्रामीण जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को समझा।
मीडिया दल ने जलग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विभाग जैसलमेर द्वारा माता रानी भटियाणी ओरण, जोगीदास का गांव में निर्मित वृहत पानी के एनिकट का निरीक्षण किया। विभाग के अधीक्षण अभियंता कौशल पालीवाल ने एनिकट की उपयोगिता, जल भंडारण क्षमता एवं जल संचयन की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रकार की संरचनाएं मरुस्थलीय क्षेत्र में जल संकट के समाधान की दिशा में अत्यंत प्रभावी साबित हो रही हैं।
मीडिया प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से संवाद कर जाना कि एनिकट निर्माण से क्षेत्र में पशुधन के लिए पेयजल उपलब्धता बढ़ी है एवं भू-जल स्तर में भी सकारात्मक सुधार देखने को मिला है। ग्रामीणों ने राज्य सरकार द्वारा करवाए जा रहे इन कार्यों को जनहितकारी बताते हुए खुशी व्यक्त की।
इसके पश्चात मीडिया प्रतिनिधियों ने फतेहगढ़ पंचायत समिति की ग्राम पंचायत देवड़ा एवं तेजमालता के ग्राम जोगीदास का गांव क्षेत्र का भ्रमण कर वहां संचालित जल संरक्षण एवं विकास कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने देवड़ा एवं जोगीदासधाम स्थित माता रानी भटियाणी ओरण में लगभग 3 लाख 50 हजार रुपये की लागत से निर्मित पेयजल टांकों को देखा तथा ग्रामीणों से इनसे मिल रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही, उन्होंने देवड़ा में डिग्गी निर्माण कार्य का भी अवलोकन किया।
भ्रमण के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों ने विभाग द्वारा करवाए गए खड़ीन निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। साथ ही देवड़ा स्थित जुझार जी मंदिर परिसर में विकसित किए गए चारागाह विकास कार्यों को भी देखा, जिससे क्षेत्र में हरियाली एवं पशुचारे की उपलब्धता में वृद्धि हुई है।
इस अवसर पर मीडिया प्रतिनिधियों ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय देवड़ा में करवाए गए टीन शेड निर्माण कार्य का भी अवलोकन किया एवं ग्रामीण विकास से जुड़े अन्य कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
फील्ड भ्रमण कार्यक्रम में जलग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विभाग के अधीक्षण अभियंता कौशल पालीवाल, सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग जैसलमेर के सहायक निदेशक प्रवीण प्रकाश चौहान, कनिष्ठ अभियंता गजेन्द्र जोनवाल सहित इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मीडिया प्रतिनिधियों ने भ्रमण के दौरान राज्य सरकार द्वारा संचालित जल संरक्षण अभियानों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास न केवल जल संकट के समाधान में सहायक हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण एवं ग्रामीण विकास को भी नई दिशा प्रदान कर रहे हैं।
Source: