जैसलमेर । राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026 के तहत बुधवार को जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, जैसलमेर द्वारा किले के समीप गोपा चौक में जिला स्तरीय जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं स्वच्छता के प्रति आमजन को जागरूक करते हुए जनभागीदारी का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के जिला संयोजक कंवराजसिंह चौहान ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए अभियान के उद्देश्यों एवं गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने वर्तमान समय में जल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी को जल बचाने, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी संभागियों को जल एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी दिलाया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कार्यालय से नियुक्त पर्यवेक्षक लक्ष्मी शर्मा एवं निकिता मेहरा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत जिले में संचालित विभिन्न गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सकता है।
जोधपुर विद्युत वितरण निगम के अधीक्षण अभियंता भैराराम चौधरी ने बताया कि अभियान के तहत बुधवार प्रातः 6 बजे से 8 बजे तक निर्धारित शटडाउन लेकर जिला मुख्यालय सहित सभी ब्लॉक स्तरों पर स्थित विद्युत ट्रांसफार्मरों के आसपास विशेष सफाई एवं दुरुस्तीकरण अभियान चलाया गया। इस दौरान ट्रांसफार्मरों के आसपास फैली गंदगी को हटाने, परिसर की सफाई करने एवं आवश्यक तकनीकी सुधार कार्य किए गए, जिससे विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित एवं सुचारू बनाया जा सके।
कार्यक्रम में अधिशाषी अभियंता रंजीत भारद्वाज, लेखाधिकारी बलवीर सिंह, सहायक अभियंता विनोद तंवर, अतिरिक्त विकास अधिकारी जिला परिषद कैलाशचन्द्र पालीवाल, कनिष्ठ अभियंता कंचन मीना, मुकेश भाटिया सहित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। साथ ही बड़ी संख्या में आमजन की उपस्थिति ने जल संरक्षण के प्रति समाज की जागरूकता और प्रतिबद्धता को दर्शाया।
Source: