जैसलमेर । राज्य सरकार द्वारा संचालित वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026 एवं कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान के तहत विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ग्राम कनोई स्थित जीवनलाल की ढाणी में शुक्रवार को भामाशाहों के सहयोग से तालाब पुनरुद्धार कार्य का शुभारम्भ किया गया।
ग्राम कनोई के दक्षिण दिशा में स्थित रामाणी कैलोरी तालाब का पुनरुद्धार अभियान के तहत प्रारम्भ किया गया। भामाशाह वीर आश्रम सेवा समिति के सहयोग से तालाब से लगभग 200 ट्रैक्टर मिट्टी हटाकर जल संरक्षण एवं जल संग्रहण क्षमता बढ़ाने का कार्य किया गया। इस पहल से क्षेत्र में वर्षा जल संचयन को बढ़ावा मिलेगा एवं पशुधन के लिए पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी।
गांव से दूर जंगल क्षेत्र में स्थित यह ढाणी आसपास के पशुओं के लिए पेयजल का प्रमुख स्रोत है। तालाब के पुनरुद्धार से स्थानीय ग्रामीणों एवं पशुपालकों को विशेष लाभ मिलेगा तथा जल संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता को भी बल मिलेगा।
इस अवसर पर कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान के नोडल अधिकारी एवं वरिष्ठ भू-जल वैज्ञानिक डॉ. नारायण दास इणखिया सहित आसपास की ढाणियों के ग्रामीण एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
वीर आश्रम सेवा समिति के सचिव महेन्द्र बोड़ावट ने बताया कि समिति द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्य समय-समय पर किए जाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान से प्रेरणा लेकर समिति आगामी वर्षा ऋतु के पश्चात इस क्षेत्र में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान भी चलाएगी।
उन्होंने कहा कि जल संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन के ऐसे सामुदायिक प्रयास न केवल प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सहायक हैं, बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम हैं।
Source: