जैसलमेर। जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को योग दिवस के सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

          जिला कलक्टर ने बताया कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम "योग फॉर हेल्दी एजिंग (Yoga for Healthy Ageing)" निर्धारित की गई है, जिसका उद्देश्य योग के माध्यम से स्वस्थ, सक्रिय एवं संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा बढ़ती आयु में बेहतर स्वास्थ्य सुनिश्चित करना है।

          उन्होंने निर्देश दिए कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन जिले के सभी ब्लॉकों, ग्राम पंचायतों, राजकीय एवं निजी शिक्षण संस्थानों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों तथा विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर प्रातः 6 बजे से 8 बजे तक किया जाए। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों की भांति इस वर्ष भी योग दिवस को व्यापक जनभागीदारी के साथ उत्साहपूर्वक मनाया जाए।

            जिला कलक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय एवं सहभागिता के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि योग दिवस केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण जनआंदोलन है। उन्होंने शिक्षा, चिकित्सा, आयुर्वेद, पंचायतीराज, महिला एवं बाल विकास, युवा कार्यक्रम एवं खेल, सूचना एवं जनसम्पर्क सहित सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार एवं सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा।

         उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि अधिक से अधिक नागरिकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों एवं स्वयंसेवी संगठनों को योग संगम पोर्टल https://yoga.ayush.gov.in/yoga-sangam या टॉल फ्री नंबर 1800 315 7008 पर मिसकॉल देकर पंजीकृत किया जाए, ताकि जिले की सहभागिता राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी रूप से दर्ज हो सके। उन्होंने कहा कि योग संगम पोर्टल पर पंजीकरण एवं कार्यक्रमों का विवरण समयबद्ध रूप से अपलोड किया जाए एवं अधिकतम संख्या में प्रतिभागियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।

          बैठक में योग दिवस के आयोजन स्थलों, आवश्यक व्यवस्थाओं, योग प्रशिक्षकों की उपलब्धता, पेयजल, चिकित्सा सहायता, स्वच्छता, बैठक व्यवस्था तथा प्रचार-प्रसार संबंधी तैयारियों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण कर ली जाएं, ताकि योग दिवस का आयोजन सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

           जिला कलक्टर ने आमजन से भी अपील की कि वे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ एवं निरोग जीवन की दिशा में कदम बढ़ाएं।

             आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ ताम्बल राम जुईया ने 21 जून को मनाए जाने वाले, 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की एवं बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन जिला, ब्लॉक, ग्राम पंचायत स्तर तथा सभी आयुषमान आरोग्य मन्दिरो, पर्यटन स्थलो पर प्रातः 6 बजे से 8 बजे तक किया जाएगा। वहीं, जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन शहीद श्री पूनम सिंह स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। साथ ही, जैसलमेर जिले में सोनार किला, गड़ीसर झील, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खुहड़ी, फतेहगढ़, मोहनगढ़, नाचना, भणियाणा एवं रामदेवरा, सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों सहित सभी राजकीय/ निजी शिक्षण संस्थानों व ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

          बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर परसराम सैनी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण कुमार, नगर परिषद आयुक्त लजपाल सिंह सोढ़ा, सहायक निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क प्रवीण प्रकाश चौहान, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी लालचंद, सीमा सुरक्षा बल की प्रतिनिधि सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं आयोजन से जुड़े अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Source: