जैसलमेर । राज्य सरकार के युवा मामले एवं खेल विभाग तथा राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद, जयपुर द्वारा संचालित जैसलमेर बास्केटबॉल अकादमी ने एक बार फिर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध करते हुए 51वीं सब जूनियर राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर जिले और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। अकादमी ने लगातार चौथी बार स्वर्ण पदक जीतकर अपने स्वर्णिम वर्चस्व को कायम रखा है।

       राजस्थान बास्केटबॉल संघ एवं जिला बास्केटबॉल संघ बारां के संयुक्त तत्वावधान में 12 से 14 जून 2026 तक मांगरोल (बारां) में आयोजित प्रतियोगिता में जैसलमेर अकादमी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी मुकाबलों में एकतरफा जीत दर्ज की। क्वार्टर फाइनल में टीम ने अलवर को 60-16 के बड़े अंतर से पराजित किया, जबकि सेमीफाइनल में झुंझुनूं को 52-36 से शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में जयपुर की टीम के विरुद्ध जैसलमेर के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 43-04 के अंतर से जीत दर्ज कर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।

      जिला खेल अधिकारी एवं अकादमी प्रशिक्षक राकेश बिश्नोई ने बताया कि जैसलमेर बास्केटबॉल अकादमी का यह सब जूनियर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में आठवां स्वर्ण पदक है। अकादमी ने वर्ष 2015 से 2019 तक लगातार पांच बार स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा था। कोरोना महामारी के कारण वर्ष 2020 एवं 2021 में प्रतियोगिताएं आयोजित नहीं हो सकीं और अकादमी का संचालन भी प्रभावित रहा। वर्ष 2022 में अकादमी पुनः प्रारंभ होने पर नए खिलाड़ियों का चयन कर उन्हें गहन प्रशिक्षण दिया गया, जिसके परिणामस्वरूप टीम ने वर्ष 2022 में रजत पदक प्राप्त किया। इसके बाद वर्ष 2023, 2024, 2025 एवं अब 2026 में लगातार चार बार स्वर्ण पदक जीतकर अपनी बादशाहत बरकरार रखी है।

        प्रतियोगिता में अकादमी के खिलाड़ी हर्षवर्धन, विभोर, रोबिन, संदीप, आदित्य एवं हरिओम ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

       अकादमी की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर जैसलमेर विधायक छोटू सिंह भाटी, पोकरण विधायक प्रताप पुरी, जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल, जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे, अतिरिक्त जिला कलक्टर परसराम, राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद के सचिव राजकेश मीणा, मुख्य खेल अधिकारी एवं द्रोणाचार्य अवार्डी वीरेंद्र पूनिया, राजस्थान अकादमियों के प्रभारी रणविजय सिंह चंपावत, नगर परिषद आयुक्त लाजपाल सिंह, सहायक निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क प्रवीण प्रकाश चौहान, राजस्थान बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष अजीत सिंह राठौड़, सचिव गेमर सिंह सोढ़ा, जिला बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष कुलजीत सिंह, सचिव हरीश धनदेव सहित खेल जगत से जुड़े अनेक पदाधिकारियों, खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने प्रशिक्षक राकेश बिश्नोई और पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

       जैसलमेर बास्केटबॉल अकादमी की यह सफलता न केवल जिले की खेल प्रतिभाओं की मेहनत और समर्पण का प्रमाण है, बल्कि प्रदेश में बास्केटबॉल के क्षेत्र में जैसलमेर की बढ़ती पहचान को भी मजबूती प्रदान करती है।

Source: