जैसलमेर । राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत संचालित मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना पशुपालकों के लिए सुरक्षा कवच साबित हो रही है। पशुधन की आकस्मिक मृत्यु से होने वाले आर्थिक नुकसान से राहत प्रदान करने एवं पशुपालकों को आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में इस योजना का व्यापक स्तर पर क्रियान्वयन किया जा रहा है।
सीमावर्ती एवं विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले जैसलमेर जिले में पशुपालन विभाग के अधिकारियों एवं कार्मिकों ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद निरंतर प्रयास करते हुए योजना को गांव-गांव एवं ढाणी-ढाणी तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य किया है। विशेष रूप से पशु चिकित्सा उपकेंद्र डाबला क्षेत्र में पशुधन निरीक्षकों एवं पशु चिकित्सकों द्वारा घर-घर संपर्क अभियान चलाया गया। साथ ही जागरूकता शिविरों, ग्रामीण बैठकों एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से पशुपालकों को योजना के लाभों की विस्तृत जानकारी देकर उन्हें योजना से जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
इन सतत प्रयासों का सकारात्मक परिणाम यह रहा कि डाबला क्षेत्र में अब तक कुल 327 पशु बीमा पॉलिसियां जारी की जा चुकी हैं, जिससे बड़ी संख्या में पशुपालकों को अपने पशुधन की सुरक्षा का लाभ प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि न केवल विभागीय कार्मिकों की मेहनत को दर्शाती है, बल्कि क्षेत्र के पशुपालकों की जागरूकता एवं सहभागिता का भी प्रमाण है।
योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत डाबला के प्रगतिशील पशुपालकों जेटाराम, अशोक कुमार एवं मठार खान को पशु बीमा पॉलिसियों का वितरण किया गया। इस अवसर पर जैसलमेर विधायक छोटू सिंह भाटी, उपखण्ड अधिकारी सक्षम गोयल एवं संयुक्त निदेशक पशुपालन विभाग जैसलमेर डॉ. उमेश कुमार ने लाभार्थियों को बीमा पॉलिसियां प्रदान कर सम्मानित किया एवं अन्य पशुपालकों से भी योजना का लाभ उठाने का आह्वान किया।
लाभार्थी पशुपालकों ने मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना को अत्यंत उपयोगी एवं लाभकारी बताते हुए कहा कि पशुओं की आकस्मिक मृत्यु होने की स्थिति में मिलने वाली आर्थिक सहायता से उन्हें सुरक्षा का भरोसा मिला है। इससे न केवल उनका आत्मविश्वास बढ़ा है, बल्कि पशुपालन व्यवसाय को भी मजबूती मिली है। उन्होंने राज्य सरकार एवं पशुपालन विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
डाबला क्षेत्र में प्राप्त यह उपलब्धि पशुपालन विभाग की कार्यकुशलता, पशुधन निरीक्षकों एवं पशु चिकित्सकों की समर्पित कार्यशैली तथा ग्रामीण पशुपालकों के सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण है। यह सफलता अन्य पशुपालकों को भी योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित कर रही है एवं मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के उद्देश्यों को धरातल पर सफलतापूर्वक साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
Source: