जैसलमेर । अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को जैसलमेर जिले में व्यापक स्तर पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम "योगा फॉर हेल्दी एजिंग" निर्धारित की गई है, जिसके माध्यम से स्वस्थ, सक्रिय एवं दीर्घायु जीवन के लिए योग के महत्व का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
जिला स्तरीय मुख्य योगाभ्यास कार्यक्रम शहीद श्री पूनम सिंह स्टेडियम, जैसलमेर में प्रातः 6 बजे से 8 बजे तक आयोजित होगा। इसके साथ ही जैसलमेर के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों सोनार किला एवं गड़ीसर झील पर भी विशेष योग सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं, महिलाओं एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों के भाग लेने की संभावना है।
आयुर्वेद विभाग जैसलमेर के उपनिदेशक डॉ. ताम्बल राम जुईया ने बताया कि योग दिवस को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से जिले के सभी ब्लॉक मुख्यालयों, ग्राम पंचायत मुख्यालयों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर भी सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि योग दिवस की तैयारियों के तहत आमजन में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जिलेभर में नियमित योग प्रशिक्षण एवं अभ्यास सत्र संचालित किए जा रहे हैं। जैसलमेर शहर के नेहरू पार्क, महेचा पार्क, अचलवंशी कॉलोनी सहित विभिन्न स्थानों पर डॉ. चम्पा सोलंकी, डॉ. लक्ष्मण सिंह एवं डॉ. रवि प्रकाश शर्मा के निर्देशन में प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों द्वारा योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया जा रहा है।
डॉ. जुईया ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रमों में अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाएं तथा स्वस्थ एवं निरोग जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाएं।
Source: