जैसलमेर । राज्य सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 ग्रामीण क्षेत्रों में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का सशक्त माध्यम बनकर उभर रहे हैं। ग्राम पंचायत लोहारकी की निवासी मीना पत्नी बाबूनाथ के जीवन में यह शिविर उम्मीद की नई किरण लेकर आया और वर्षों से संजोया गया उनका सपना साकार हो गया।

      मीना ने अपने आवासीय भूखण्ड के पट्टे के लिए लगभग एक माह पूर्व आवेदन किया था। लंबे समय से वे अपने परिवार के साथ भूमि के कानूनी अधिकार की प्रतीक्षा कर रही थीं। ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान उनके प्रकरण पर संवेदनशीलता एवं तत्परता से कार्यवाही करते हुए उपखण्ड अधिकारी हीरसिंह चारण ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

      प्रशासन की सक्रियता से दस्तावेजों का परीक्षण, निरीक्षण एवं नियमानुसार सभी आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण की गईं। इसके बाद पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी एवं उपखण्ड अधिकारी द्वारा मीना को आवासीय भूखण्ड का पट्टा प्रदान किया गया।

      पट्टा प्राप्त होते ही मीना और उनके परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। अब उन्हें अपने भूखण्ड पर कानूनी स्वामित्व का अधिकार प्राप्त हो गया है, जिससे न केवल उनका भविष्य अधिक सुरक्षित हुआ है बल्कि विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने का मार्ग भी प्रशस्त हुआ है।

       भावुक होकर मीना ने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर के माध्यम से उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान बेहद सरल और पारदर्शी तरीके से हुआ। उन्होंने राज्य सरकार, मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा एवं स्थानीय प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पट्टा उनके परिवार के लिए सम्मान, सुरक्षा और आत्मविश्वास का प्रतीक है।

      अतः कह सकते है कि ग्रामीण सेवा शिविर केवल प्रशासनिक पहल नहीं, बल्कि आमजन के सपनों को साकार करने, उन्हें उनके अधिकार दिलाने और सरकार को जनता के द्वार तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन चुके हैं।

Source: