जैसलमेर । ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के तहत ग्राम पंचायत खींया, पंचायत समिति मोहनगढ़ में आयोजित शिविर पशुपालकों के लिए बड़ी राहत लेकर आया। शिविर के दौरान मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत पात्र पशुपालकों को निःशुल्क बीमा पॉलिसियां वितरित की गईं, जिससे ग्रामीणों में उत्साह और विश्वास का वातावरण देखने को मिला।

ग्राम पंचायत खींया निवासी सगताराम लंबे समय से पशुपालन के माध्यम से अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। पशुधन उनके परिवार की आजीविका का प्रमुख आधार है, लेकिन पशुओं में बीमारी अथवा आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में आर्थिक नुकसान की चिंता हमेशा बनी रहती थी। ग्रामीण सेवा शिविर में पशुपालन विभाग के अधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना की जानकारी देने पर उन्होंने योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन किया।

शिविर में सगताराम को उनकी दो गायों के लिए एक वर्ष की बीमा पॉलिसी प्रदान की गई। प्रत्येक गाय पर 30 हजार रुपये का बीमा सुरक्षा कवच मिलने से उन्हें भविष्य की संभावित आर्थिक हानि से सुरक्षा का भरोसा मिला। पॉलिसी प्राप्त करने के बाद सगताराम ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार द्वारा निःशुल्क पशु बीमा सुविधा उपलब्ध कराना पशुपालकों के लिए अत्यंत लाभकारी पहल है। इससे पशुधन की सुरक्षा के साथ-साथ परिवार की आर्थिक स्थिरता भी सुनिश्चित होगी।

उन्होंने राज्य सरकार एवं पशुपालन विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी योजनाएं ग्रामीण एवं पशुपालक परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं। मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना ने सगताराम जैसे अनेक पशुपालकों को सुरक्षा और आत्मविश्वास प्रदान किया है एवं ग्रामीण सेवा शिविर उनके लिए जनकल्याणकारी योजनाओं तक पहुंच का प्रभावी माध्यम साबित हो रहे हैं।

Source: