जैसलमेर । जिला प्रभारी सचिव एवं राजस्थान राज्य बुनकर संघ लिमिटेड के प्रबंध निदेशक महावीर प्रसाद मीणा की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, कार्यक्रमों एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक में जिला प्रभारी सचिव मीणा ने राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पहल शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के तहत 12 जून से प्रारंभ हुए शिविरों में अब तक किए गए कार्यों एवं प्राप्त प्रगति की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त होने वाले प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए एवं नियमित रूप से शिविरों का निरीक्षण कर प्रभावी मॉनिटरिंग की जाए, जिससे आमजन को अधिकतम राहत एवं लाभ मिल सके।
आगामी मानसून को देखते हुए उन्होंने नगर परिषद द्वारा किए जा रहे वर्षा पूर्व प्रबंधों की जानकारी प्राप्त की। नगर परिषद आयुक्त से बरसाती नालों एवं जल निकासी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु प्रारंभ होने से पूर्व सभी नालों एवं जल निकासी मार्गों की पूर्ण सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि शहर में जलभराव जैसी समस्याओं की पुनरावृत्ति न हो।
बैठक के दौरान जिला प्रभारी सचिव ने ग्रीष्म ऋतु में जिले की पेयजल व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जलापूर्ति की स्थिति, जल स्रोतों की उपलब्धता एवं ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पेयजल वितरण की व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की तथा आमजन को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक निर्देश प्रदान किए।
उन्होंने आगामी 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन की तैयारियों की भी समीक्षा की। इस दौरान उपनिदेशक आयुर्वेद डॉ. ताम्बल राम जुईया ने बताया कि 21 जून को जिला स्तरीय योग कार्यक्रम शहीद पूनम सिंह स्टेडियम, जैसलमेर में आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों गड़ीसर सरोवर एवं सोनार किले पर भी विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही सभी ब्लॉक एवं ग्राम स्तर पर व्यापक जनभागीदारी के साथ योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस पर जिला प्रभारी सचिव ने सभी विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने तथा अधिकाधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर प्रभारी सचिव ने पोस्टर-बैनर का विमोचन किया।
बैठक में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए), नई दिल्ली द्वारा 21 जून को आयोजित होने वाली नीट (यूजी) प्रवेश परीक्षा-2026 की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अतिरिक्त जिला कलक्टर परसराम सैनी ने बताया कि परीक्षा के लिए जैसलमेर जिले में दो परीक्षा केन्द्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें अमर शहीद सागरमल गोपा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, जैसलमेर तथा श्रीमती किशनी देवी मगनीराम मोहता राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, जैसलमेर शामिल हैं। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन एवं परीक्षा प्रबंधन से जुड़े विभागों द्वारा परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। जिला प्रभारी सचिव ने परीक्षा संचालन से जुड़े सभी अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षार्थियों के लिए सुगम एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर परसराम सैनी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी, यूआईटी सचिव सुखराम पिंडेल, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र सिंह सांदू, नगर परिषद आयुक्त लजपाल सिंह सोढ़ा, सहायक निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क प्रवीण प्रकाश चौहान, अधीक्षण अभियंता पीएचईडी कैलाश चंद मीणा, अधीक्षण अभियंता विद्युत भैराराम चौधरी, महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक अशोक गोयल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राजेंद्र पालीवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Source: