जैसलमेर । सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 26 जून को अंतर्राष्ट्रीय नशामुक्ति दिवस का आयोजन किया जायेगा। अन्तर्राष्ट्रीय नशामुक्ति दिवस से पूर्व 17 जून से 26 जून तक नशामुक्ति जागरूकता के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जायेगा। इसी कड़ी में आज समग्र समाज विकास समिति जैसलमेर द्वारा संचालित मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह जैसलमेर में नशीले पदार्थों से होने वाले नुकसान के प्रति लोगों में जागरूकता उत्पन्न करने के लिए शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुनर्वास गृह में रह रहे सभी पुनर्वासियों द्वारा नशामुक्ति की शपथ ली गई।
जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी कूम्प सिंह ने सभी पुनर्वासियों को शपथ दिलाकर कार्यक्रम प्रारंभ किया। साथ ही पुनर्वासित व्यक्तियों से विचार-विमर्श संगोष्ठी का आयोजन भी किया गया। पुनर्वासियों को तनाव प्रबंधन एवं नशे से बचाव के लिए सामुहिक चर्चा कर नशामुक्त रहने के लिए प्रेरित किया गया। नशामुक्त रहने से ही बेहतर जीवनशैली पाई जा सकती है। साथ ही शारीरिक और आर्थिक नुकसानों से भी बचा जा सकता है।
पुनर्वास केन्द्र संचालक किशना राम ने बताया कि वे भी समय-समय पर सभी पुनर्वासियों को नशामुक्त रहने के लिए प्रेरित करते रहते हैं एवं कोई भी पुनर्वासी नशा नहीं करता है। कार्यक्रम में जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी कूम्प सिंह, सहायक प्रोग्रामर पूनम सिंह, नशामुक्ति केन्द्र जैसलमेर से डॉ. कमल, पुनर्वास केन्द्र संचालक किशना राम एवं पुनर्वास केन्द्र के पुनर्वासी तथा स्टाफ उपस्थित रहे।
Source: