जैसलमेर। राज्य सरकार की ओर से संचालित मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना ग्रामीण पशुपालकों के लिए बहुत ही लाभदायी सिद्व हो रहा है। जिले में चल रहे ग्रामीण सेवा शिविरों में मंगला पशु बीमा योजना से पशु पालकों को पशु बीमा पॉलिसी प्रमाण पत्र प्रदान किये जा रहे है।
ग्राम पंचायत बांकलसर में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में इसका नजारा देखने को मिला। जहां पर शिविर प्रभारी सहायक आयुक्त उपनिवेशन मोहनगढ गजेन्द्र शर्मा एवं विकास अधिकारी नाथू सिंह ने जरूरतमंद पशुपालक परिवार को योजना का लाभ प्रदान कर भविष्य की चिंताओं से राहत दिलाई गई।
यह शिविर बांकलसर निवासी पशुपालक श्रीमति गोमती देवी पत्नी खेत सिंह के परिवार के लिए सुरक्षा कवच लेकर आया। पशुपालन विभाग के अधिकारी ने शिविर में पशु बीमा पॉलिसी के महत्व के बारे में जानकारी दी तो श्रीमती गोमती देवी ने उसके 2 गायों के लिए पशु बीमा करने के संबंध में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। इसके आधार पर लाभार्थी गोमती देवी के दो गायों के लिए 36-36 हजार रूपये प्रति पशु के हिसाब से एक वर्ष के लिए बीमा पॉलिसी प्रदान की गई। जैसे ही गोमती देवी को पॉलिसी का सुरक्षा कवच मिला तो उसके चेहरे की चिंता की रेखाएं मिट गई।
श्रीमती गोमती देवी ने कहा कि पूर्व में पशुओं का बीमा नहीं होने के कारण किसी दुर्घटना, बीमारी से पशुधन के मरने से उसके परिवार में आर्थिक संकट खडा हो जाता लेकिन बीमा सुरक्षा कवच मिलने के बाद वह निश्चित हो गई अब पशु धन की दुर्घटना में मृत्यु होने पर वह अब इस पॉलिसी की धन राशि के माध्यम से नया पशु धन खरीद सकेगी एवं अपने परिवार की आजीविका सुरक्षित कर सकेगी। इस शिविर में 5 लाभार्थीयों को मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना से लाभान्वित किया गया ।
लाभार्थी गोमती देवी ने कहा कि संवेदनशील सरकार द्वारा संचालित ये ग्रामीण सेवा शिविर हजारों पशु पालकों के लिए बहुत ही लाभदायी एंव सुरक्षा का कवच साबित हो रहे है। उसने इस योजना के लिए मुख्यमंत्री के साथ ही पशुपालन विभाग के प्रति आभार जताया।
Source: