जैसलमेर। राज्य सरकार के युवा मामले एवं खेल विभाग, राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद जयपुर तथा जिला प्रशासन के सहयोग से संचालित जैसलमेर बास्केटबॉल अकादमी के प्रतिभाशाली खिलाड़ी मोहम्मद रज़ा खान एवं संस्कार सैनी का चयन भारतीय स्कूल बास्केटबॉल टीम में होने से जिले में हर्ष की लहर है। राजस्थान की ओर से विद्यालय राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के बाद दोनों खिलाड़ियों को भारतीय टीम में स्थान मिला।
अकादमी के प्रशिक्षक एवं खेल अधिकारी राकेश बिश्नोई ने बताया कि भारतीय टीम ने ISF वर्ल्ड स्कूल बास्केटबॉल चैंपियनशिप (अंडर-18) में भाग लिया, जिसका आयोजन सर्बिया के ज्लातिबोर शहर में 13 से 22 जून 2026 तक हुआ। विश्वस्तरीय इस प्रतियोगिता में भारत सहित 20 से अधिक देशों की शीर्ष स्कूल टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान भारतीय टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्री-क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया, जहां उसे जर्मनी के हाथों हार का सामना करना पड़ा।
भारतीय टीम की कप्तानी कर बढ़ाया जैसलमेर का मान
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मोहम्मद रज़ा खान ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारतीय टीम की कप्तानी करते हुए जैसलमेर एवं राजस्थान का गौरव बढ़ाया। रज़ा इससे पूर्व वर्ष 2025 में मालदीव में आयोजित साउथ एशियन बास्केटबॉल एसोसिएशन (SABA) अंडर-16 क्वालीफायर्स में भारतीय टीम का नेतृत्व कर चुके हैं। उस प्रतियोगिता में उन्होंने श्रीलंका के विरुद्ध एक मैच में 38 अंक अर्जित किए एवं कुल 96 अंकों के साथ टूर्नामेंट के शीर्ष स्कोरर रहे। इसके अतिरिक्त उन्होंने FIBA अंडर-16 एशिया कप, मंगोलिया में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
अंतरराष्ट्रीय अनुभव के साथ लौटे खिलाड़ी
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने खेल के साथ-साथ विभिन्न देशों की संस्कृतियों को भी निकट से जाना। भारतीय दल अब अंतरराष्ट्रीय अनुभव एवं नई सीख के साथ स्वदेश लौट रहा है, जो भविष्य में भारतीय बास्केटबॉल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगा।
उपलब्धि पर बधाइयों का तांता
जैसलमेर बास्केटबॉल अकादमी के खिलाड़ियों के भारतीय टीम में चयन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन पर जैसलमेर विधायक छोटू सिंह भाटी, पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी, जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल, पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे, अतिरिक्त जिला कलक्टर परसाराम सैनी, राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद के सचिव राजकेश मीणा, मुख्य खेल अधिकारी एवं द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित वीरेंद्र पूनिया, अकादमी प्रभारी रणविजय सिंह चंपावत, नगर परिषद आयुक्त लजपाल सिंह, सहायक निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क प्रवीण प्रकाश चौहान, राजस्थान बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष अजीत सिंह राठौड़, सचिव गेमर सिंह सोढ़ा, जिला बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष कुलजीत सिंह, सचिव हरीश धनदेव, समाजसेवी कंवराज सिंह चौहान,अरुण पुरोहित, मदन सिंह राजमथाई मयंक भाटिया सहित खेल जगत से जुड़े अनेक पदाधिकारियों, खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षक राकेश बिश्नोई को शुभकामनाएं एवं बधाइयां प्रेषित की हैं।
Source: