जैसलमेर । राज्य सरकार की जनकल्याणकारी सोच और प्रशासन की संवेदनशील कार्यशैली का प्रभाव ग्राम पंचायत लाठी में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के दौरान देखने को मिला, जहां वर्षों से अपने घर के लिए कानूनी अधिकार का सपना संजोए बैठे रावसर राम का सपना आखिरकार साकार हो गया।

          लाठी निवासी रावसर राम पुत्र सुर्जनराम ने एक माह पूर्व अपने आवासीय भूखण्ड के पट्टे के लिए आवेदन किया था। ग्रामीण सेवा शिविर में उनके प्रकरण पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उपखण्ड अधिकारी हीरसिंह चारण ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। प्रशासन की तत्परता के परिणामस्वरूप ग्राम विकास अधिकारी द्वारा दस्तावेजों की जांच एवं निरीक्षण समिति की रिपोर्ट के आधार पर मौके पर ही पट्टा जारी कर दिया गया।

            शिविर के दौरान जिला प्रभारी सचिव एवं राजस्थान राज्य बुनकर संघ लिमिटेड के प्रबंध निदेशक महावीर प्रसाद मीणा तथा उपखण्ड अधिकारी हीरसिंह चारण ने रावसर राम को आवासीय भूखण्ड का पट्टा सौंपा। वर्षों की प्रतीक्षा के बाद कानूनी स्वामित्व का दस्तावेज हाथ में आते ही उनके चेहरे पर खुशी और संतोष साफ झलकने लगा।

           रावसर राम ने भावुक होकर कहा कि अब उनके परिवार को अपने घर की जमीन का अधिकार मिल गया है। इससे न केवल आवास संबंधी सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि भविष्य में विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने का मार्ग भी प्रशस्त होगा।

          ग्रामीणों ने भी शिविर में समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासन की संवेदनशील कार्यशैली की सराहना करते हुए इसे आमजन के लिए अत्यंत लाभकारी पहल बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तथा जिला एवं उपखण्ड प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविर सरकार और आमजन के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बन रहे हैं।

Source: