जैसलमेर । राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित किए जा रहे ग्रामीण सेवा शिविर–2026 आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। सोमवार को ग्राम पंचायत तेजमालता में आयोजित शिविर कई खातेदारों के लिए खुशियों की सौगात लेकर आया। वर्षों से लंबित भूमि संबंधी समस्या का मौके पर ही समाधान होने से ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे।
संयुक्त खातेदारी की जटिलता से मिली मुक्ति
ग्राम पंचायत तेजमालता के निवासी छुगसिंह पुत्र देरावर सिंह (73 वर्ष), केसर कंवर पत्नी अल सिंह (61 वर्ष) एवं अन्य खातेदार लंबे समय से संयुक्त खातेदारी की समस्या से परेशान थे। संवत 2022 (वर्ष 1964) के सेटलमेंट काल से चली आ रही इस जटिलता के कारण कृषि कार्य, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) एवं अन्य राजस्व संबंधी कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
गांव में ही हुआ समाधान, नहीं लगाने पड़े तहसील के चक्कर
वृद्ध एवं असहाय कृषकों के लिए तहसील मुख्यालय फतेहगढ़ तक आना-जाना कठिन था। ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान हल्का पटवारी द्वारा नियमानुसार भूमि विभाजन का प्रस्ताव तैयार किया गया, जिसे राजस्व अधिकारी एवं नायब तहसीलदार फतेहगढ़ ने स्वीकृत किया।
भूमि विभाजन सहमति से किया गया तथा राजस्थान काश्तकारी अधिनियम, 1955 की धारा 53 के तहत सभी खातेदारों के लिए सुलभ रास्ते की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई, ताकि भविष्य में रास्ते को लेकर किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो।
"घर बैठे गंगा आई" जैसी रही अनुभूति
वर्षों पुरानी समस्या का गांव में ही समाधान होने पर लाभार्थियों ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह शिविर उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है। बिना किसी भागदौड़ के राजस्व संबंधी जटिल समस्या का समाधान होने से उन्हें बड़ी राहत मिली।
अन्य विभागों ने भी पहुंचाया लाभ
शिविर में पंचायती राज विभाग के विकास अधिकारी केवाराम द्वारा ग्राम आबादी क्षेत्र में लूणाराम, भीमाराम, खेताराम एवं मनोहरसिंह को आवासीय पट्टों का वितरण किया गया। वहीं कृषि विभाग द्वारा कमला देवी सहित अन्य लाभार्थियों को कृषि किट प्रदान कर लाभान्वित किया गया।
ग्रामीणों ने जताया सरकार और प्रशासन का आभार
ग्रामीणों ने राज्य सरकार द्वारा संचालित ग्रामीण सेवा शिविर कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान हो रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री भजन लाल, जिला प्रशासन एवं शिविर प्रभारी अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
ये रहे उपस्थित
शिविर में फतेहगढ़ उपखंड अधिकारी भरतराज गुर्जर, सह-प्रभारी शिविर महेश कुमार, नायब तहसीलदार श्रवणसिंह सोढ़ा, पटवारी तेजमालता, सरपंच प्रतिनिधि गिरधरा सिंह एवं ग्राम विकास अधिकारी हिंगलाजदान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Source: