जैसलमेर। राज्य सरकार दवारा आमजन को त्वरित, सरल एवं पारदशी प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित शहरी सेवा शिविर-2026 के अंतर्गत नगर सुधार न्यास, जैसलमेर द्वारा विभिन्न लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जा रहा है। शिविर के माध्यम से नागरिकों को एक ही स्थान पर आवश्यक सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं, जिससे उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही तथा समय एवं धन दोनों की बचत हो रही है।
शिविर के दौरान अब तक कुल 32 पट्टे, 8 नामांतरण एवं 8 भवन स्वीकृतियां जारी की जा चुकी हैं। साथ ही न्यास को बकाया लीज से लगभग 15 लाख 78 हजार रुपये की आय प्राप्त हुई है। इस प्रकार शिविर के माध्यम से न केवल लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण हो रहा है, बल्कि राजस्व संग्रहण में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
न्यास प्रशासन द्वारा शिविर में प्राप्त प्रकरणों का तत्काल परीक्षण कर आवश्यक दस्तावेजों की जांच एवं समस्त औपचारिकताएं शीघ्रता से पूर्ण की जा रही हैं। इसके परिणामस्वरूप अनेक नागरिकों को वर्षों से लंबित कार्यों का समाधान एक ही दिन में प्राप्त हुआ है। शिविर के प्रति आमजन में उत्साह देखा जा रहा है एवं बड़ी संख्या में नागरिक अपने प्रकरणों के निस्तारण के लिए पहुंच रहे हैं।
लाभार्थियों ने साझा किए अपने अनुभव
शिविर में लाभन्वित हुई भव्या गदड़िया, पुत्री श्री शिवरतन गदडिया ने बताया कि उन्हें जनवरी 2026 में आवास का आवंटन प्राप्त हुआ था तथा उन्होंने मांगपत्र के अनुसार समस्त राशि न्यास कोष में जमा करवा दी थी। नौकरी की तैयारी एवं कोचिंग में व्यस्त रहने के कारण उन्हें आशंका थी कि पट्टा प्राप्त करने की प्रक्रिया में काफी समय लगेगा। समाचार पत्र के माध्यम से शहरी सेवा शिविर की जानकारी मिलने पर उन्होंने शिविर में आवेदन प्रस्तुत किया। न्यास प्रशासन द्वारा उसी दिन समस्त कार्यवाही पूर्ण कर उन्हे आवास का कब्जा एवं पट्टा प्रदान कर दिया गया। उन्होंने इस पहल को अत्यंत जनहितकारी बताते हुए माननीय मुख्यमंत्री एवं न्यास प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
प्रशासनिक सेवाओं में बढ़ा विश्वास
शिविर में प्राप्त सकारात्मक प्रतिक्रियाओं से स्पष्ट है कि राज्य सरकार की यह पहल आमजन को राहत पहुंचाने में प्रभावी सिद्ध हो रही है। नागरिकों ने बताया कि शिविर के माध्यम से न केवल समय एवं धन की बचत हो रही है, बल्कि सरकारी सेवाओं के प्रति उनका विश्वास भी और अधिक मजबूत हुआ है। त्वरित निस्तारण, पारदर्शी प्रक्रिया एवं नागरिक हितों को प्राथमिकता देने की व्यवस्था से आमजन में संतोष का वातावरण है।
न्यास सचिव सुखाराम पिंडेल ने आमजन से अपील की है कि वे शहरी सेवा शिविर में राज्य सरकार द्वारा दी जा रही विभिन्न प्रकार की छूट जैसे अवधि में, व्याज में एवं पेनल्टी में छूट का अधिकाधिक लाभ उठाएं। साथ ही जो प्रकरण पूर्व में मुख्यालय या राज्य सरकार स्तर पर निष्पादित किए जाने थे, उनका निस्तारण भी शिविर अवधि में न्यास स्तर पर किया जा रहा है। उन्होंने आमजन से आग्रह किया कि वे अपने लंबित प्रकरणों के निस्तारण हेतु आवश्यक दस्तावेजों सहित शिविर में उपस्थित होकर सेवाओं का लाभ प्राप्त करें। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की मंशानुरूप आमजन को अधिकतम सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उनके कार्यों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए न्यास प्रशासन पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
Source: