जैसलमेर । राज्य सरकार की जनकल्याणकारी पहल ‘शहरी सेवा शिविर 2026’ शहरी नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में संचालित इस अभियान का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में निवासरत नागरिकों को विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना एवं उनके लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण कर राहत प्रदान करना है। 12 जून से 15 जुलाई 2026 तक आयोजित किए जा रहे इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों को सुशासन का वास्तविक लाभ मिल रहा है।

     इसी क्रम में गुरुवार को नगर परिषद जैसलमेर सभागार में आयोजित शहरी सेवा शिविर के दौरान दो परिवारों की वर्षों पुरानी प्रतीक्षा समाप्त हुई। ललित वैष्णव पुत्र श्री भोजराज को भूखण्ड संख्या F&166D एवं शुंभू राम पुत्र श्री पाराराम को  J&186, गफूर भट्टा कच्ची बस्ती, जैसलमेर स्थित भूखण्ड का पट्टा प्रदान किया गया।

    दोनों लाभार्थियों ने बताया कि वे लंबे समय से संबंधित भूखण्डों पर निवास कर रहे थे एवं वैधानिक स्वामित्व दस्तावेज प्राप्त करने की प्रतीक्षा कर रहे थे। शहरी सेवा शिविर में उनके आवेदन पर संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्रवाई करते हुए नगर परिषद द्वारा मौके पर ही पट्टे जारी किए गए। पट्टा प्राप्त होने के साथ ही उनके परिवारों को न केवल कानूनी सुरक्षा मिली, बल्कि भविष्य की अनेक सुविधाओं और योजनाओं का मार्ग भी प्रशस्त हुआ।

     पट्टा प्राप्त करते समय दोनों लाभार्थियों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा, जिला प्रशासन एवं नगर परिषद जैसलमेर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह दिन उनके परिवार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और यादगार रहेगा। वर्षों से संजोया गया अपने घर के वैधानिक स्वामित्व का सपना आज साकार हुआ है।

     यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि शहरी सेवा शिविर 2026 केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि आमजन की समस्याओं के समाधान और उनके जीवन में स्थायी राहत पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। नगर परिषद जैसलमेर द्वारा प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता से निस्तारण कर नागरिकों को राहत प्रदान की जा रही है, जिससे आमजन का विश्वास सरकार और प्रशासन के प्रति और अधिक सुदृढ़ हो रहा है।

Source: