जैसलमेर । राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित ग्रामीण सेवा शिविर 2026 के तहत बुधवार को ग्राम पंचायत सांगड़ में आयोजित शिविर का जिला प्रभारी सचिव एवं राजस्थान राज्य बुनकर संघ लिमिटेड के प्रबंध निदेशक महावीर प्रसाद मीणा तथा जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिला प्रभारी सचिव एवं जिला कलक्टर ने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों, उनके निस्तारण की स्थिति एवं शेष प्रकरणों की जानकारी ली और निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को बिना किसी अनावश्यक देरी के योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि ग्रामीण नागरिकों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि सभी आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध हों।
इस अवसर पर पात्र लाभार्थियों को भूमि बंटवारे एवं आबादी भूमि के पट्टे वितरित किए गए। वर्षों से लंबित मामलों का समाधान होने पर लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। पट्टा प्राप्त करने वाले ग्रामीणों ने राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिविरों के माध्यम से उन्हें उनके अधिकार का दस्तावेज सहज और सरल प्रक्रिया में प्राप्त हुआ है।
शिविर में पशुपालकों को भी बड़ी राहत प्रदान करते हुए मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के अंतर्गत बीमा कार्ड वितरित किए गए। अधिकारियों ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इससे पशुधन की आकस्मिक क्षति की स्थिति में पशुपालकों को आर्थिक संबल मिलेगा एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
जिला प्रभारी सचिव ने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर केवल सरकारी औपचारिकता नहीं, बल्कि सुशासन को गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करे तथा पात्र व्यक्तियों को सभी जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाए।
जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने भी शिविर की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन शिविरों में पहुंचकर राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाएं।
निरीक्षण के दौरान उपखण्ड अधिकारी भरत राज गुर्जर, तहसीलदार एवं शिविर प्रभारी नखत सिंह, अतिरिक्त विकास अधिकारी एवं सहायक शिविर प्रभारी मेहराराम, अधीक्षण अभियंता विद्युत (ग्रामीण) निरंजन मीणा, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Source: