जैसलमेर । राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन रहे हैं। पोकरण उपखण्ड की ग्राम पंचायत उजलां में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर ने एक जरूरतमंद परिवार के जीवन में खुशियों की नई सौगात दी, जब नेनी देवी पत्नी इन्द्रदान को उनके आवासीय भूखण्ड का विधिवत पट्टा प्रदान किया गया। वर्षों से अपने घर के लिए भूमि के कानूनी अधिकार का इंतजार कर रही नेनी देवी का सपना आखिरकार साकार हो गया।

      शिविर में जिला प्रभारी सचिव एवं राजस्थान राज्य बुनकर संघ लिमिटेड के प्रबंध निदेशक महावीर प्रसाद मीणा ने उॅजला में शिविर का निरीक्षण किया एवं विभिन्न विभागों द्वारा किये जा रहे कार्यो का निरीक्षण किया एवं कार्य प्रगति की जानकारी ली साथ ही उन्होनें ग्रामीणों से भी संवाद कर शिविरों में हो रहे कार्यों का फीडबैक लिया।

     शिविर में उपखण्ड अधिकारी हीर सिंह चारण, हजारा राम तहसीलदार पोकरण, सहायक प्रभारी भगवान सिंह अतिरिक्त विकास अधिकारी पंचायत समिति सांकड़ा विकास अधिकारी मनवीरसिंह बैनीवाल, ग्राम पंचायत प्रशासक अशोक उज्जवल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

      नेनी देवी ने लगभग एक माह पूर्व आवासीय भूखण्ड के पट्टे के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था। ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान उनके प्रकरण पर उपखण्ड अधिकारी ने संवेदनशीलता के साथ त्वरित संज्ञान लिया और पंचायती राज विभाग के अधिकारियों को नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निर्देशों की पालना में ग्राम विकास अधिकारी ने आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन, निरीक्षण समिति की रिपोर्ट एवं अन्य औपचारिकताएँ पूरी कर मौके पर ही आवासीय भूखण्ड का पट्टा जारी कर दिया।

       जिला प्रभारी सचिव महावीर प्रसाद मीणा एवं उपखण्ड अधिकारी हीरसिंह चारण ने नेनी देवी को पट्टा सौंपते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। पट्टा हाथ में लेते ही नेनी देवी की आंखों में खुशी और संतोष साफ झलक उठा। उन्होंने भावुक होकर कहा कि अब उनके परिवार को अपने आशियाने के लिए जमीन का कानूनी अधिकार मिल गया है। इससे भविष्य में आवास सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने का रास्ता भी आसान हो जाएगा।

        नेनी देवी ने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में संचालित ग्रामीण सेवा शिविरों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार की यह पहल ग्रामीणों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने राज्य सरकार, जिला प्रशासन एवं उपखण्ड प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन की संवेदनशीलता और तत्परता के कारण उनका वर्षों पुराना सपना आज साकार हुआ है।

      शिविर में उपस्थित ग्रामीणों ने भी प्रशासन की त्वरित कार्यशैली, पारदर्शी व्यवस्था और जनसमस्याओं के मौके पर समाधान की सराहना की। ग्रामीणों का कहना था कि ग्रामीण सेवा शिविर केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि आमजन की समस्याओं का प्रभावी समाधान देने वाला ऐसा अभियान बन गया है, जिसने शासन और जनता के बीच विश्वास को और अधिक मजबूत किया है।

Source: