जैसलमेर । राज्य सरकार की जनकल्याणकारी सोच को धरातल पर साकार करने के उद्देश्य से आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 अब ग्रामीणों के जीवन में भरोसे और सुरक्षा का नया अध्याय लिख रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम पंचायत मेकुबा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर एक पशुपालक परिवार के लिए खुशियों का संदेश लेकर आया।
सहायक शिविर प्रभारी एवं विकास अधिकारी हनुमानराम के नेतृत्व में आयोजित शिविर में पशुपालन विभाग द्वारा मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत लाभार्थी श्रीमती भूटे खां एवं सज्जन खां को उनकी दो गायों का 66 हजार रुपये का निःशुल्क बीमा सुरक्षा कवच प्रदान किया गया। इसमें एक गाय का 30 हजार रुपये एवं दूसरी गाय का 36 हजार रुपये का बीमा किया गया।
थार के रेगिस्तानी अंचल में पशुधन केवल संपत्ति नहीं, बल्कि परिवार की आजीविका और भविष्य का आधार है। ऐसे में लंपी जैसी घातक बीमारियों और आकस्मिक दुर्घटनाओं के समय यह बीमा योजना पशुपालकों के लिए आर्थिक संबल बनकर सामने आई है। निःशुल्क बीमा पॉलिसी प्राप्त करते ही लाभार्थी परिवार के चेहरे पर संतोष और आत्मविश्वास साफ झलक उठा।
लाभार्थी श्रीमती भूटे खां ने कहा कि अब पशुओं के भविष्य को लेकर मन में पहले जैसी चिंता नहीं रहेगी। यदि किसी अप्रत्याशित स्थिति में पशुधन की हानि होती है तो सरकार की यह योजना परिवार को आर्थिक संकट से उबारने में सहारा बनेगी। उन्होंने इस जनहितकारी पहल के लिए राज्य सरकार का हृदय से आभार व्यक्त किया।
शिविर में मौजूद अन्य पशुपालकों ने भी योजना की सराहना करते हुए कहा कि विपरीत भौगोलिक परिस्थितियों वाले इस क्षेत्र में, जहाँ पशुधन ही सबसे बड़ी पूंजी है, वहाँ मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना वास्तव में सुरक्षा का मजबूत कवच सिद्ध हो रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन की सक्रिय कार्यशैली, त्वरित सेवाओं और समस्याओं के मौके पर समाधान की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे शिविर ग्रामीण विकास और जनकल्याण की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे।
ग्रामीणों ने इस जनहितकारी पहल के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, जिला एवं उपखंड प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर वास्तव में राज्य सरकार और आमजन के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बन रहे हैं।
Source: