जैसलमेर । राज्य सरकार की बजट घोषणा "संवेदनशील, पारदर्शी एवं जवाबदेह, सुशासन आपके द्वार" अभियान के तहत गुरुवार को पंचायत समिति मोहनगढ़ की ग्राम पंचायत ताडाना में ग्रामीण सेवा शिविर - 2026 का सफल आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने एक ही स्थान पर ग्रामीणों को त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराते हुए वर्षों से लंबित प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया।
शिविर का शुभारंभ सहायक शिविर प्रभारी एवं सहायक विकास अधिकारी हुकमाराम ने किया। उन्होंने सभी विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं समयबद्धता के साथ समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य उपलब्धियां
पंचायती राज विभाग
6 पात्र परिवारों को आवासीय भूखंड के पट्टे वितरित किए गए। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 3 व्यक्तिगत शौचालय (IHHL) के आवेदन स्वीकृत किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के 8 उपयोगिता प्रमाण पत्र (UC) तथा 13 पूर्णता प्रमाण पत्र (CC) जारी कर लाभार्थियों को राहत प्रदान की गई।
राजस्व विभाग
भूमि अभिलेखों के 7 शुद्धिकरण प्रकरणों का निस्तारण। रास्ता एवं सीमा विवाद के 1 प्रकरण का आपसी सहमति से समाधान। खातेदारी के 2 प्रकरणों का मौके पर निस्तारण।
पशुपालन विभाग
मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के अंतर्गत 5 पशुपालकों को बीमा पॉलिसियां वितरित की गईं।
चिकित्सा विभाग
ग्रामीणों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग
पेंशन एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित प्रकरणों का त्वरित समाधान किया गया।
आवासीय पट्टा मिलने से बचन सिंह का वर्षों पुराना सपना हुआ साकार
ग्राम ताडाना निवासी बचन सिंह पुत्र भोम सिंह को ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान आवासीय भूखंड का पट्टा प्रदान किया गया। वर्षों से लंबित यह प्रकरण शिविर में निस्तारित होने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि अब उनके परिवार को स्थायी आवास का अधिकार प्राप्त हुआ है एवं भविष्य सुरक्षित हुआ है।
22 विभागों ने दी एक ही स्थान पर सेवाएं
शिविर में पंचायती राज, राजस्व, कृषि, पशुपालन, चिकित्सा, सामाजिक न्याय, महिला एवं बाल विकास सहित 22 विभागों ने भाग लेकर ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया।
15 दिवस में लंबित प्रकरणों के निस्तारण के निर्देश
शिविर के समापन पर सहायक शिविर प्रभारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन एवं प्रकरण का 15 दिवस के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ शीघ्र मिल सके।
Source: