जैसलमेर । राज्य सरकार के सुशासन एवं जनकल्याण के संकल्प को धरातल पर साकार करने के उद्देश्य से आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर–2026 के तहत गुरुवार को पंचायत समिति सम की ग्राम पंचायत सोनू में आयोजित शिविर का अतिरिक्त जिला कलक्टर परसराम सैनी ने निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा स्थापित स्टॉलों का अवलोकन कर शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण किया जाए एवं पात्र व्यक्तियों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में सुशासन की प्रभावी पहल हैं, जिनके माध्यम से राजस्व, पंचायत राज, सामाजिक न्याय, कृषि, पशुपालन, चिकित्सा, जलदाय, विद्युत सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे आमजन को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिल रही है तथा उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित हो रहा है।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ संवेदनशील एवं सकारात्मक व्यवहार किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों से इसी प्रकार समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Source: