जैसलमेर । माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी शनिवार, 4 जुलाई को बालोतरा जिले के पचपदरा से देश की महत्त्वाकांक्षी एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी का लोकार्पण करेंगे। इस ऐतिहासिक अवसर का सीधा प्रसारण जैसलमेर जिले में जिला, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाएगा। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का आयोजन उत्कर्ष जैन भवन, जैसलमेर में होगा, जहां प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण किया जाएगा।

             राजस्थान राज्य अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास आयोग के अध्यक्ष श्री राजेन्द्र नायक ने शुक्रवार को उत्कर्ष जैन भवन पहुंचकर जिला स्तरीय कार्यक्रम एवं मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव की तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर बैठक व्यवस्था, एलईडी स्क्रीन, ध्वनि प्रणाली, विद्युत, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

            अध्यक्ष श्री नायक ने कहा कि एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी परियोजना प्रदेश के औद्योगिक विकास, ऊर्जा सुरक्षा, निवेश, रोजगार सृजन तथा पश्चिमी राजस्थान की आर्थिक प्रगति के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में आने वाले सभी नागरिकों एवं अतिथियों के लिए बेहतर एवं सुचारु व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि कार्यक्रम गरिमापूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

          उन्होंने स्वर्णनगरी जैसलमेर के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे अधिकाधिक संख्या में उत्कर्ष जैन भवन पहुंचकर इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनें एवं माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी संबोधन का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम विकसित राजस्थान एवं विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

         निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र सिंह सांदू, सहायक निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क प्रवीण प्रकाश चौहान, समाजसेवी कँवराज सिंह चौहान सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Source: