तहसीलदार ने मुख्यमंत्री का संदेश किया भेंट,

शॉल, श्रीफल व पुष्पमाला से किया सम्मान

प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना, गुरु परंपरा के संरक्षण का दिया संदेश

             जैसलमेर। भारतीय संस्कृति में गुरु को सर्वोच्च स्थान देने वाली गुरु-शिष्य परंपरा के पावन पर्व गुरु पूर्णिमा पर राज्य सरकार की ओर से मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा का गुरु वंदन संदेश रामदेवरा पहुंचाया गया। इस अवसर पर पोकरण तहसीलदार प्रीतम सिंह भुरटिया ने बुधवार को रामदेवरा स्थित गुरुद्वारा परिसर में आयोजित गुरु वंदन कार्यक्रम में रामदेवरा गादीपति भोमसिंह तंवर का शॉल ओढ़ाकर, पुष्पमाला एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया एवं मुख्यमंत्री का संदेश सौंपते हुए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

           तहसीलदार प्रीतम सिंह भुरटिया ने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की अमूल्य गुरु-शिष्य परंपरा का जीवंत प्रतीक है। यह दिवस हमें अपने गुरु के प्रति अटूट श्रद्धा, सम्मान और समर्पण की भावना को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है। गुरु वह दिव्य प्रकाश हैं, जो अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर ज्ञान, संस्कार, विवेक और जीवन मूल्यों का आलोक फैलाते हैं। उनके मार्गदर्शन से मन, कर्म और वचन में समन्वय स्थापित होता है तथा जीवन को सही दिशा और उद्देश्य प्राप्त होता है।

          तहसीलदार भुरटिया ने गादीपति भोमसिंह तंवर से प्रदेश की खुशहाली, समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना करते हुए आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि गुरुजनों का सान्निध्य समाज को नैतिक मूल्यों, संस्कारों और सेवा भाव से जोड़ने का कार्य करता है तथा नई पीढ़ी को सकारात्मक जीवन मूल्यों की प्रेरणा देता है।

           कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं एवं उपस्थित जनसमुदाय ने गुरु परंपरा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए समाज में सद्भाव, सेवा और संस्कारों के संरक्षण का संकल्प लिया।

           इस अवसर पर समाजसेवी संतोष सहित पोकरण एवं रामदेवरा क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Source: