ग्रामीण सेवा शिविर फॉलोअप ने तोरीफ खान के वर्षों पुराने सपने को किया साकार

आवासीय पट्टा मिलने से अपने घर का सपना हुआ पूरा, राज्य सरकार और जिला प्रशासन का जताया आभार

      जैसलमेर। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के संकल्प के साथ संचालित ग्रामीण सेवा शिविर फॉलोअप अभियान जरूरतमंद परिवारों के जीवन में नई उम्मीद और विश्वास का संचार कर रहा है। पंचायत समिति फतेहगढ़ की ग्राम पंचायत तोगा में आयोजित शिविर में वर्षों से अपने अधिकार की प्रतीक्षा कर रहे तोरीफ खान पुत्र निहाल खान का सपना आखिरकार साकार हो गया।

     शिविर के दौरान तहसीलदार एवं अतिरिक्त विकास अधिकारी ने तोरीफ खान को आवासीय पट्टा प्रदान किया। वर्षों के इंतजार के बाद जब उन्हें अपने भूखंड का वैधानिक अधिकार मिला तो उनके चेहरे की खुशी देखते ही बनती थी। यह पल उनके परिवार के लिए नई शुरुआत और सुनहरे भविष्य का प्रतीक बन गया।

     भावुक होकर तोरीफ खान ने कहा कि लंबे समय से आवासीय पट्टा मिलने का इंतजार था, लेकिन ग्रामीण सेवा शिविर फॉलोअप के माध्यम से उनका यह सपना पूरा हो गया। अब वे अपने परिवार के लिए पक्का घर बना सकेंगे तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी आसानी से प्राप्त कर पाएंगे। उन्होंने इस जनहितकारी पहल के लिए राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त किया।

     इस अवसर पर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर फॉलोअप का उद्देश्य पात्र व्यक्तियों को समयबद्ध, पारदर्शी और सरल प्रक्रिया के माध्यम से उनके अधिकार उपलब्ध कराना है, ताकि कोई भी जरूरतमंद सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

      शिविर प्रभारी, अतिरिक्त विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आवासीय पट्टा वितरित किया गया। ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर गांवों में सुशासन, विश्वास और विकास की नई मिसाल बन रहे हैं। वर्षों से लंबित कार्यों का मौके पर समाधान होने से आमजन का प्रशासन पर भरोसा और अधिक मजबूत हुआ है।

       ग्रामीण सेवा शिविर फॉलोअप अभियान यह साबित कर रहे है कि संवेदनशील प्रशासन और जनकल्याणकारी सोच मिलकर आमजन के सपनों को साकार करने का सशक्त माध्यम बन सकते हैं।

Source: