कोटा। कोटा शहर में महिला एवं बाल सुरक्षा को सुदृढ़ करने तथा पुलिस–जन सहभागिता को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से आज सिटी एसपी श्रीमती तेजस्विनी गौतम के निर्देशन में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, महिला अपराध अनुसंधान प्रकोष्ठ, कोटा शहर, सुश्री नियति शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें कोटा शहर के समस्त थाना क्षेत्रों से जुड़ी सुरक्षा सखियों ने सहभागिता की।
बैठक के दौरान सुरक्षा सखियों के साथ विस्तृत संवाद किया गया। थाना क्षेत्र स्तर पर उनकी भूमिका, जिम्मेदारियों एवं जन सहभागिता को बढ़ाने में उनके योगदान पर विशेष रूप से चर्चा की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा बताया गया कि सुरक्षा सखियां पुलिस और आमजन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जो महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, जागरूकता और विश्वास का एहसास कराती हैं।
बैठक में सुरक्षा सखियों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की गई। साथ ही, भविष्य में पुलिस–जन सहयोग को और अधिक प्रभावी बनाने, संवेदनशील मामलों में त्वरित सूचना साझा करने तथा समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करने पर बल दिया गया। इस अवसर पर यह भी कहा गया कि सुरक्षा सखियों की सक्रियता से अपराधों की रोकथाम, पीड़ितों को समय पर सहायता और समाज में कानून के प्रति विश्वास मजबूत होता है।
सुरक्षा सखियों ने बैठक में अपने अनुभव, विचार एवं व्यावहारिक सुझाव भी साझा किए। उन्होंने जमीनी स्तर पर आ रही चुनौतियों, जन संवाद को और बेहतर बनाने के उपायों तथा महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन का आश्वासन दिया गया।
बैठक का समापन इस संकल्प के साथ किया गया कि कोटा शहर में पुलिस और जनता के बीच सेतु के रूप में सुरक्षा सखियां निरंतर सक्रिय भूमिका निभाती रहेंगी तथा एक सुरक्षित, संवेदनशील और सहयोगात्मक समाज के निर्माण में अपना योगदान देती रहेंगी।

Source: