कोटा। प्रेस क्लब कोटा की वार्षिक आमसभा रविवार को प्रेस क्लब स्थित प्रो. ललित किशोर चतुर्वेदी सभागार में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। आमसभा में क्लब की गतिविधियों, आय-व्यय, पत्रकार हितों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में क्लब की महिला सदस्यों सहित जनसंपर्क विभाग की सहायक निदेशक श्रीमती रचना शर्मा एवं सहायक जनसंपर्क अधिकारी श्रीमती आकांक्षा शर्मा पुष्पहार भेंट कर सम्मान भी किया गया।
आमसभा की अध्यक्षता प्रेस क्लब अध्यक्ष गजेन्द्र व्यास ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
सदस्य हितों के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा प्रेस क्लब
अपने स्वागत उद्बोधन में अध्यक्ष गजेन्द्र व्यास ने उपस्थित सदस्यों का स्वागत करते हुए अपने एक वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब कोटा सदैव अपने सदस्यों के हितों के लिए कार्य करता रहा है और आगे भी पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता से प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने आमसभा में सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों और प्रस्तावों पर विस्तार से जवाब देते हुए आश्वस्त किया कि क्लब की गतिविधियों और सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए सभी सुझावों पर सकारात्मक पहल की जाएगी।
पत्रकार पेंशन बढ़ाने पर जताया आभार
प्रेस क्लब के सचिव जितेन्द्र कुमार शर्मा ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए क्लब की गतिविधियों और योजनाओं की जानकारी दी।
 

Source: