कोटा। थाना कुन्हाड़ी क्षेत्र में पिछले महीने हुई हत्या के प्रयास की सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था।
जिला पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौत्तम ने बताया कि शहर में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिलीप सैनी के निर्देशन और वृत्ताधिकारी डॉ. पूनम के सुपरविजन में कुन्हाड़ी थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। टीम का नेतृत्व थानाधिकारी रामविलास मीणा और विशेष टीम प्रभारी विशाल अवस्थी कर रहे थे।
क्या था पूरा मामला
4 मार्च 2026 को कुन्हाड़ी क्षेत्र में दिनदहाड़े एक युवक पर तलवार से जानलेवा हमला किया गया था। फरियादी लक्की ने रिपोर्ट में बताया कि वह अपने घर के बाहर खड़ा था, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके साथ-साथ उसके पिता और भाई पर भी तलवारों और पत्थरों से हमला किया, जिससे परिवार के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर तुरंत कार्रवाई शुरू की और सीसीटीवी फुटेज व गवाहों के आधार पर कई आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि मुख्य आरोपी नरेन्द्र योगी उर्फ बिट्टू फरार चल रहा था।
ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे
पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। आखिरकार 9 अप्रैल 2026 को आरोपी को झालावाड़ जिले के अकलेरा क्षेत्र से डिटेन कर गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी नरेन्द्र योगी उर्फ बिट्टू (24) निवासी बारां जिले का है, जो हाल में कोटा शहर में रह रहा था।
इस कार्रवाई में अहम भूमिका डी एस टी के कांस्टेबल तंवर सिंह और साइबर सेल के सुनील की बताई गई है।
Source: