कोटा। शहर में लगातार बढ़ रही चाकूबाजी और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत थाना नयापुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बदमाश को अवैध तेज धारदार चाकू सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से हथियार की खरीद-फरोख्त और उससे जुड़े नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि शहर में अवैध हथियार रखने वाले अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिलीप सैनी के निर्देशन तथा पुलिस उप अधीक्षक डॉ. पूनम के सुपरविजन में थाना नयापुरा की टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
थानाधिकारी विनोद कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने गश्त के दौरान अभियंता कार्यालय के पास चंबल कॉलोनी क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक व्यक्ति को रोका। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से अवैध तेज धारदार चाकू बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी राजकुमार पुत्र कन्हैयालाल बावरी (48) निवासी बापूनगर बस्ती, बालीता मार्ग, थाना कुन्हाड़ी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि उसने चाकू कहां से खरीदा तथा क्या वह अन्य लोगों को भी अवैध हथियार उपलब्ध करवाता था।
कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में सहायक उप निरीक्षक बजरंग लाल, कांस्टेबल मुनिराम, विजेंद्र और लोकेश शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में अवैध हथियार रखने वालों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Source: