कोटा। अंतरराष्ट्रीय पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान जगत के लिए गौरवपूर्ण समाचार है कि कोटा के प्रख्यात पुस्तकालय विशेषज्ञ एवं सार्वजनिक पुस्तकालय आंदोलन के अग्रणी हस्ताक्षर डॉ दीपक कुमार श्रीवास्तव को इन्टरनेशनल फेडरेशन ऑफ़ लाइब्रेरी एसोशियेशन एण्ड इंस्टीट्यूशन (इफला) की प्रतिष्ठित इफला जनरल असेम्बली 2026 में पर्यवेक्षक ( ऑब्जर्वर) के रूप में शामिल होने हेतु औपचारिक आमंत्रण प्राप्त हुआ है।

यह महासभा 8 जुलाई 2026 को दी हेग, नीदरलेंड स्थित नॅशनल लाइब्रेरी ऑफ़ नीदरलेंड के ऑडिटोरियम में आयोजित होगी। बैठक में विश्वभर के पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान क्षेत्र के प्रतिनिधि, विशेषज्ञ तथा इफला के सदस्य भाग लेंगे। महासभा का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा, जिससे पर्यवेक्षक विश्व के किसी भी स्थान से कार्यक्रम का अवलोकन कर सकेंगे।

इफला की महासचिव शेरोन मेमीस द्वारा भेजे गए आधिकारिक पत्र में डॉ. श्रीवास्तव का स्वागत करते हुए उन्हें महासभा की कार्यवाही, एजेंडा तथा संगठन की भावी नीतियों एवं गतिविधियों का अवलोकन करने हेतु आमंत्रित किया गया है। यह आमंत्रण पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान के क्षेत्र में डॉ. श्रीवास्तव के दीर्घकालीन योगदान, अंतरराष्ट्रीय पहचान तथा वैश्विक पुस्तकालय समुदाय में उनकी सक्रिय भूमिका का प्रमाण माना जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि डॉ. दीपक कुमार श्रीवास्तव वर्तमान में राजस्थान के कोटा संभाग में सार्वजनिक पुस्तकालयों के नोडल अधिकारी एवं संभागीय पुस्तकालयाध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने समावेशी पुस्तकालय सेवाओं, डिजिटल नवाचार, दृष्टिबाधित एवं वंचित वर्गों के लिए पुस्तकालय सुविधाओं के विस्तार तथा सार्वजनिक पुस्तकालयों के आधुनिकीकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक सम्मान प्राप्त हो चुके हैं तथा उनका नाम इफला के प्रतिष्ठित “वाल ऑफ़ फेम” में भी शामिल है।

डॉ. श्रीवास्तव की इस अंतरराष्ट्रीय सहभागिता से न केवल राजस्थान बल्कि भारत के पुस्तकालय समुदाय को भी वैश्विक मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान क्षेत्र के विशेषज्ञों ने इसे भारतीय सार्वजनिक पुस्तकालय आंदोलन के लिए गौरव का विषय बताया है।

Source: