कुलगुरू स्वर्णपदक देने की शुरूआत इसी अकादमिक सत्र से
उदयपुर। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का 19वां भव्य दीक्षान्त समारोह 22 दिसम्बर, 2025 सोमवार को पूर्वाह्न 10:50 बजे आयोजित होगा। समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आरएनटी मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित सभागार में होने वाले दीक्षान्त समारोह की अध्यक्षता माननीय कुलाधिपति एवं राज्यपाल, राजस्थान श्री हरिभाऊ बागडे करेंगे। समारोह में विशिष्ट अतिथि कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री, राजस्थान सरकार माननीय डॉ. किरोड़ी लाल मीणा होंगे। दीक्षान्त उद्बोधन यूनेस्को द्वारा संचालित महात्मा गांधी शांति व विकास संस्थान के अध्यक्ष एवं पूर्व कुलपति गौतम बुद्व विश्वविद्यालय ग्रेटर नोएडा (उ.प्र.) प्रोफ़ेसर भगवती प्रकाश शर्मा देंगे। दीक्षान्त समारोह में माननीय श्री बागडे विश्वविद्यालय के अकादमिक वर्ष 2024-25 में उत्तीर्ण 934 स्नातक, 171 निष्णात (स्नातकोत्तर) व 76 विद्यावाचस्पति (पीएचडी) कुल 1181 छात्र-छात्राओं को दीक्षा, मैडल एवं उपाधियां प्रदान करेंगे। इनमें कृषि, इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी, सामुदायिक विज्ञान, डेयरी एवं खाद्य प्रौद्योगिकी और मत्स्य पालन सहित विभिन्न संकायों के शोधार्थी शामिल हैं। दीक्षांत समारोह में शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए कुल - 44 छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक - प्रदान किए जाएंगे। स्वर्ण पदक प्राप्त करने वालों में 17 छात्र व 27 छात्राएं शामिल हैं। सभी विद्यार्थी- शिक्षक सफेद या क्रीम रंग के गणवेश (ड्रेस कोड) पहन कर आएंगे। सभागार में बिना प्रवेश पत्र व बिना निर्धारित पोशाक प्रवेश वर्जित रहेगा। समारोह में विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी महाविद्यालयों के विद्यार्थी तय अलग-अलग रंग का बैज व उपरणा धारण करके आंएगे। कार्यक्रम में विभिन्न विश्वविद्यालय के कुलपतिगण, पूर्व कुलपति, प्रबंध मंडल व अकादमिक परिषद के सदस्यगण, विशिष्ट अतिथि, संकाय सदस्य एवं छात्र-छात्राएं एवं उनके अभिभावक सम्मिलित होंगे। दीक्षांत समारोह का पूर्वाभ्यास रविवार दोपहर बाद 3:30 बजे होगा
Source: