नई दिल्ली नई दिल्ली के यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में शनिवार को केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर के मुख्य आतिथ्य में आयोजित ‘नेशनल अर्बन कॉन्क्लेव 2025’ में भारत के शहरी विकास के नए अध्याय और रोडमैप पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस कॉन्क्लेव में राजस्थान सरकार के नगरीय विकास, आवासन एवं स्वायत्त शासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री झाबर सिंह खर्रा ने सहभागिता की तथा राजस्थान में शहरी विकास और उनके भविष्य की रणनीति पर विस्तार से बताया।
श्री खर्रा ने कहा कि इस कॉन्क्लेव के अवसर पर टीम अर्बन - नीति-निर्माताओं, शहरी विकास मंत्रियों एवं नवाचारकों ने एक साथ मिलकर सतत, समावेशी और भविष्य के लिए तैयार शहरों के रोडमैप पर विस्तृत विचार-विमर्श किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में यह कॉन्क्लेव हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है, ऐसे प्रौद्योगिकी-संचालित और जन केंद्रित शहरी तंत्र के निर्माण का, जो हर नागरिक के जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाता है।
इस दौरान भविष्य के भारतीय शहरों की परिकल्पना को मूर्त रूप देती ‘विकसित भारत सिटी प्रदर्शनी’ का भी उद्घाटन किया गया। यह प्रदर्शनी सतत विकास, प्रौद्योगिकी से सशक्त सुरक्षा, और समावेशिता से प्रेरित नवाचार का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो एक जीवंत, मानवीय और प्रगतिशील शहरी भारत की झलक प्रस्तुत करती है।

Source: