नई दिल्ली। ‘‘संविधान दिवस’’ के अवसर पर बुधवार को रेल भवन स्थित रेलवे बोर्ड मुख्यालय में एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया। इस गरिमापूर्ण कार्यक्रम में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सतीश कुमार ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ संविधान की उद्देशिका का पाठ किया।
संविधान के प्रति दोहराया संकल्प
कार्यक्रम का आयोजन सुबह 11 बजे बोर्ड के सम्मेलन कक्ष में किया गया। अध्यक्ष श्री सतीश कुमार की अगुवाई में उपस्थित सभी कार्मिकों ने भारत के संविधान की उद्देशिका (Preamble)  का सामूहिक वाचन किया। इस दौरान सभी ने संविधान के मूलभूत आदर्शों का पालन करने और राष्ट्र की एकता व अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लिया।
डिजिटल भागीदारी पर भी जोर
रेलवे बोर्ड द्वारा जारी परिपत्र के अनुसार, इस भौतिक समारोह के अलावा डिजिटल माध्यमों से भी संविधान दिवस मनाने पर जोर दिया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों को "MyGov.in" और "constitution75.com" वेबसाइटों के माध्यम से ‘‘संवैधानिक लोकतंत्र’’ पर आयोजित ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया। साथ ही, संविधान की उद्देशिका का ऑनलाइन वाचन कर प्रमाण-पत्र प्राप्त करने का भी आह्वान किया गया।

Source: