श्रीगंगानगर। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, बीकानेर में मंगलवार को यात्री सुविधा प्रबंधन बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक  गौरव गोविल ने की उन्होंने बेहतर यात्री सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित इस बैठक में यात्री सुविधा प्रबंधकों से सुझाव आमंत्रित किए गए साथ ही सेवा गुणवत्ता को भी सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक दिशा.निर्देश दिए गए।
बैठक में विशेष रूप से अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित स्टेशनों पर नियुक्त यात्री सुविधा प्रबंधकों से संवाद कर यात्रियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सुविधाओं में सुधार के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया। यात्रियों की संतुष्टि बढ़ाने, स्वच्छता, सुरक्षा तथा समन्वित सेवा प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों को प्रेरित किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक ने सभी अधिकारियों को यात्रियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सेवा सुधार के कार्यों को प्राथमिकता देने और समर्पित भाव से कार्य करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक भूपेश यादव, मंडल वाणिज्य प्रबंधक  वीरेंद्र जोशी, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) अमित जैन, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (विद्युत)  आदित्य लेघा, मंडल इंजीनियर (उत्तर) नीरज सिंह, मंडल परिचालन प्रबंधक  कीर्ति गोयल, मूवमेंट इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।