श्रीगंगानगर। माय भारत पोर्टल पर आयोजित ‘विकसित भारत क्विज‘, भारत के भविष्य को आकार देने वाले युवाओं को शामिल करने के लिए ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग‘ (वी. बी. वाई. एल. डी.) 2026 के तहत एक राष्ट्रव्यापी पहल है। 12 भाषाओं में आयोजित यह प्रश्नोत्तरी देश के विभिन्न पहलुओं पर ज्ञान और विकसित भारत के प्रति दृष्टिकोण का परीक्षण करती है। इसका उद्देश्य विचारों को साझा करने, नेतृत्व का प्रदर्शन करने और विकसित भारत के दृष्टिकोण में सार्थक योगदान करने के अवसर प्राप्त करना हैं। प्रथम चरण में युवाओं को माय भारत पोर्टल पर विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग प्रश्नोत्तरी में भाग लेना होगा, उसके बाद युवाओं को निबंध प्रतियोगिता एवं अगले चरणों में भाग लेना होगा। विजेता युवाओं को माननीय प्रधानमंत्री के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत करने का मौका मिलेगा।
मेरा युवा भारत, श्रीगंगानगर के उपनिदेशक श्री भूपेन्द्र सिंह शेखावत ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 15 से 29 वर्ष के युवा इस प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर 2025 हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले समस्त युवाओं को माय भारत पोर्टल https://mybharat.gov.in/  द्वारा प्रमाण पत्र दिया जायेगा।