श्रीगंगानगर। अनूपगढ़ स्थित घग्घर बहाव क्षेत्र के गांव एक बीएसएम में कटाव आने के बाद पानी रोकने के लिए जल संसाधन विभाग द्वारा नया बांध बनाया गया। इससे दो दिन पूर्व ही सीपेज के कारण क्षेत्र की ढाणियों के निवासियों को सुरक्षित स्थान पर भिजवा दिया गया।
 जल संसाधन विभाग की सूरतगढ़ ब्रांच के एक्सईएन श्री केसरीसिंह बैरवा ने बताया कि घग्घर नदी के मेन बांध में गांव एक बीएसएम के पास कटाव चार दिन पूर्व ही आ गया था। पानी आगे ना फैले, इसके लिए बांध के समानान्तर एक मुरब्बा दूरी पर 2 पोकेलेन मशीन तथा 4 जेसीबी लगा कर नया बांध बना दिया गया था। परन्तु उसमें भी दो दिन पूर्व सीपेज चालू हो गया था, इसलिए इसके पास ढाणियों के निवासियों व मवेशियों को दो दिन पूर्व ही वहां से सुरक्षित स्थान पर भिजवा दिया गया था।
 उन्होंने बताया कि उस ढाणी में वर्तमान की स्थिति ठीक है। गांव पुराना बिन्जोर एवं चक 28 के प्रोटेक्शन बांधों को मशीनों से लगातार मजबूत किया जा रहा है। पानी का लेवल भी एक से दो फुट कम हुआ है। प्रशासन तथा सिंचाई विभाग स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। सभी जगह पर स्थिति सामान्य हैं।